{"_id":"665b264a6d8d2c42500257ef","slug":"lok-sabha-elections-2024-exit-polls-andhra-pradesh-telangana-karnataka-prediction-edge-to-nda-2024-06-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Exit Polls: NDA को इन राज्यों में फायदा होने का अनुमान; आंध्र में क्लीन स्वीप तो तेलंगाना में भी बढ़त के आसार","category":{"title":"Election","title_hn":"चुनाव","slug":"election"}}
Exit Polls: NDA को इन राज्यों में फायदा होने का अनुमान; आंध्र में क्लीन स्वीप तो तेलंगाना में भी बढ़त के आसार
Sat, 01 Jun 2024 10:49 PM IST
ज्योति भास्कर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
Published by: ज्योति भास्कर
Updated Sat, 01 Jun 2024 10:49 PM IST
सार
एग्जिट पोल के अनुमानों के मुताबिक दक्षिण भारत में इस बार भाजपा का जनाधार बढ़ सकता है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को बड़ी सफलता के रुझान सामने आए हैं। सी-वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक आंध्र की सभी 25 सीटें एनडीए की झोली में जाने का अनुमान है।
विज्ञापन
LS Polls
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
एग्जिट पोल के चौंकाने वाले अनुमान सामने आए हैं। दक्षिण भारतीय राज्यों में भाजपा का जनाधार बढ़ने का अनुमान है। पूरे लोकसभा चुनाव के दौरान इस बात की चर्चा थी कि भाजपा को उत्तर भारत में कुछ सीटों का नुकसान हो सकता है। ऐसे में पार्टी को दक्षिण भारत से इस नुकसान की भरपाई की उम्मीद थी। फिलहाल के एग्जिट पोल में कुछ ऐसा ही होता दिखाई दे रहा है।
विज्ञापन
सी-वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक, आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों पर एनडीए को 21-25 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस और सत्ताधारी पार्टी- वाईएसआर कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने का अनुमान है। इसके अलावा कांग्रेस शासित प्रदेश कर्नाटक में भी भाजपा नीत NDA को 23-25 सीटें मिलने का अनुमान है। कर्नाटक में कुल 28 लोकसभा सीटें हैं। सी-वोटर के एग्जिट पोल अनुमान के मुताबिक विपक्षी दलों के गठबंधन- INDIA के प्रत्याशियों को 3-5 सीटें मिल सकती हैं।
विज्ञापन
एक अन्य दक्षिण भारतीय प्रदेश तेलंगाना में भी एनडीए को बड़ी बढ़त के आसार हैं। तेलंगाना की 17 लोकसभा सीटों में भाजपा को 7-9 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि चंद महीने पहले सत्ता पर काबिज हुई कांग्रेस को भी इतनी ही सीटें मिल सकती हैं। प्रदेश की विधानसभा में विपक्षी दल- भारत राष्ट्र समिति (BRS) का सूपड़ा साफ होने का अनुमान है, जबकि ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) को एक सीट मिलने के आसार हैं।
विज्ञापन
ओडिशा और बंगाल में भी भाजपा को फायदे का अनुमान
ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी भाजपा को फायदे का अनुमान बताया जा रहा है। सर्वे में ओडिशा में भाजपा को 20 सीटें तक जीतने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके साथ बीजद को एक या दो सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसी तरह बंगाल में भी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है। उसे बंगाल में 24 सीटों तक मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। वहीं, टीएमसी को 17 और कांग्रेस को एक सीट मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
बंगाल के एग्जिट पोल
यूपी में भी भाजपा को फायदे का अनुमान
उत्तर प्रदेश में भाजपा+ को 2019 के मुकाबले बढ़त देखने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश के 11 एग्जिट पोल्स में से अधिकांश पोल्स में एनडीए को प्रदेश की 80 सीटों में से 65 से ज्यादा सीटें मिलने के संकेत हैं। वहीं इंडिया गठबंधन को 14 से ज्यादा सीटें मिलती नहीं दिख रही हैं। वहीं अगर न्यूज नेशन के एग्जिट पोल को छोड़ दें तो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के खाते में एक भी सीट न जाने के संकेत हैं।
फिलहाल आंध्र प्रदेश की सियासत में किस पार्टी के पास कितनी सीटें
एग्जिट पोल के इन अनुमानों से साफ है कि भाजपा नीत NDA को दक्षिण भारतीय प्रदेशों की जनता से सकारात्मक जनादेश मिल सकता है। विशेष रूप से आंध्र प्रदेश की बात करें तो फिलहाल भाजपा के पास विधानसभा की एक भी सीट नहीं है। 175 विधानसभा सीटों वाले प्रदेश आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की अगुवाई में वाईएसआर कांग्रेस लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटने के प्रयास कर रही है। हालांकि, उनके प्रतिद्वंद्वी और पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होने से अब समीकरण बदल चुके हैं। इस बार आंध्र में 15वीं विधानसभा का गठन होगा। फिलहाल, किस दल के पास कितनी विधानसभा सीटें, जानिए
- वाईएसआर कांग्रेस- 146
- तेलुगू देशम पार्टी (TDP)- 18
- जन सेना पार्टी- 01 सीट
- खाली सीटें- 10