UP Board का अलर्ट: नंबर बढ़ाने के नाम पर हो सकती है ठगी, छात्रों-अभिभावकों के लिए जारी की चेतावनी
UP Board: यूपी बोर्ड ने 10वीं-12वीं स्क्रूटनी कराने वाले छात्रों को साइबर ठगी से सावधान किया है। बोर्ड ने कहा कि ठग अंक बढ़ाने के नाम पर फोन, मैसेज या ईमेल कर सकते हैं। छात्रों को निजी जानकारी साझा न करने और 1930 पर शिकायत करने की सलाह दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Board: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी के लिए आवेदन करने वाले छात्रों और अभिभावकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है। बोर्ड ने आधिकारिक नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि कुछ साइबर अपराधी खुद को यूपी बोर्ड का अधिकारी बताकर छात्रों से संपर्क कर सकते हैं और पैसे लेकर अंक बढ़ाने का झांसा दे सकते हैं।
बोर्ड के अनुसार ठग फोन कॉल, मैसेज या ईमेल के जरिए छात्रों और अभिभावकों से संपर्क कर सकते हैं। ये लोग दावा कर सकते हैं कि पैसे देने पर छात्रों के अंक बढ़ा दिए जाएंगे।
बोर्ड ने जारी की चेतावनी
यूपी बोर्ड ने साफ किया है कि वह व्यक्तिगत रूप से किसी भी छात्र से संपर्क नहीं करता। बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी, रोल नंबर या बैंक डिटेल साझा न करें।
आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से ऐसे साइबर अपराधियों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ आईटी एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तुरंत करें शिकायत
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि यदि उन्हें इस प्रकार का कोई कॉल, मैसेज या ईमेल प्राप्त होता है, तो उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखें और तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
ऐसी शिकायतें संबंधित जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को दी जा सकती हैं। इसके अलावा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
17 मई तक हुए थे स्क्रूटनी आवेदन
यूपी बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 मई 2026 थी।
स्क्रूटनी के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय की उत्तर पुस्तिका पर ₹500 शुल्क जमा करना था। लिखित और प्रायोगिक परीक्षा के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किए गए थे।
अप्रैल में जारी हुए थे नतीजे
- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 23 अप्रैल 2026 को कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए थे।
- इस वर्ष हाईस्कूल का कुल पास प्रतिशत 90.42 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में 80.38 प्रतिशत छात्र सफल हुए थे।
- बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के फर्जी दावों और लालच में न आएं तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
कमेंट
कमेंट X