RGS Scholarship: मेधावियों को मिल रहा विदेश में पढ़ने का मौका, फीस भी नहीं लगेगी, जानें आवेदन प्रक्रिया
RGS Scholarship 2022 Application Process: मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित विदेशी संस्थानों में उच्च अध्ययन की सुविधा मुहैया कराने के लिए उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से दी जाने वाली आरजीएस योजना यानी ‘राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस’ के लिए आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान सरकार की ओर से राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित विदेशी संस्थानों में उच्च अध्ययन की सुविधा मुहैया कराने के लिए आरजीएस योजना यानी ‘राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस’ शुरू की गई है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से दी जाने वाली इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
इसमें इच्छुक पात्र अभ्यर्थियों द्वारा 15 जुलाई, 2022 को रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के लिए विद्यार्थी के पास राजस्थान सरकार द्वारा प्रदत्त जनाधार या भामाशाह कार्ड का होना जरूरी है। सीएम गहलोत ने बताया कि आरजीएस योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध 150 विश्वविद्यालयों में अगले सत्र में अध्ययन के लिए प्रवेश-पत्र प्राप्त करने वाले राजस्थान के मूल निवासी विद्यार्थी इसके लिए पात्र होंगे।
आवेदन विभाग की वेबसाइट hte.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध ‘राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस’ के तहत अपनी एसएसओ आईडी से लॉग इन कर किया जा सकता है। छात्रवृत्ति से संबंधित सूचना, अन्य बिंदु व नियम विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त इस संबंध में समय-समय पर जारी सूचनाओं का अवलोकन भी इस साइट पर कर सकते हैं। आवेदन संबंधित किसी भी प्रकार के मार्गदर्शन, जानकारी एवं स्पष्टीकरण के लिए jdacad1960@gmail.com पर पूछताछ कर सकते हैं।
30 फीसदी छात्राओं के लिए आरक्षित
राजस्थान सरकार ने बताया कि स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों के लिए केवल मानविकी से संबंधित विषयों के अध्ययन के लिए ही छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। हर साल 200 मेधावी विद्यार्थियों में से 30 फीसदी छात्राओं के लिए आरक्षित रखते हुए 60 छात्राओं को भी अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से पूर्व आवेदकों का संबंधित विदेशी संस्थानों में प्रवेश होना जरूरी है। इस योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष 08 लाख से कम पारिवारिक आय वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
ऑक्सफोर्ड, हार्वर्ड एवं स्टेनफोर्ड भी दायरे में
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर बीते साल 20 अगस्त को इस योजना की घोषणा की थी। इसके तहत ऑक्सफोर्ड, हार्वर्ड एवं स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय जैसी दुनिया की नामचीन 150 संस्थानों से स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी एवं पोस्ट डॉक्टोरल स्तर पर अध्ययन के लिए 200 मेधावी विद्यार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों के यात्रा किराया, ट्यूशन फीस सहित संपूर्ण खर्च भी राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत चयनित यूनिवर्सिटी की ट्यूशन फीस और सालाना 12 लाख रुपये की राशि युवा को मिलेगी, चयनित यूनिवर्सिटी में जो भी कोर्स उपलब्ध है ये योजना उस पर लागू की जाएगी।
इन विषयों में मिलेगी स्कॉलरशिप
राजस्थान सरकार ने बताया कि ह्यूमैनिटीज, सोशल साइंस, एग्रीकल्चर एंड फॉरेस्ट साइंस, नेचर एंड एनवायरमेंटल साइंस एवं लॉ के लिए 150, मैनेजमेंट एंड बिजनस एडमिनिस्ट्रेशन एवं इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंस के लिए 25 और प्योर साइंस एवं पब्लिक हेल्थ विषयों के लिए 25 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप दी जाएगी। इन विषयों में स्थान रिक्त रहने की दशा में इंजीनियरिंग एंड रिलेटेड साइंस, मेडिसिन तथा एप्लाइड साइंस में अधिकतम 15 उम्मीदवारों को छात्रवृत्ति दी जा सकेगी।
कमेंट
कमेंट X