Maharashtra School Reopening: महाराष्ट्र में एक हफ्ते में स्कूल खुलने की उम्मीद, शिक्षा मंत्री ने सीएम उद्धव ठाकरे के पास भेजा प्रस्ताव
महाराष्ट्र में एक हफ्ते में स्कूल खुल सकते हैं। राज्य की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड ने बुधवार को राज्य में फिर से स्कूलों को खोलने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के पास भेज दिया है। वह जल्द ही इस पर निर्णय ले सकते हैं।
विस्तार
महाराष्ट्र में एक हफ्ते में स्कूल खुल सकते हैं। इस मामले में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे फैसला लेंगे। राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड ने बुधवार को राज्य में फिर से स्कूलों को खोलने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री के पास भेज दिया है। उन्होंने कहा है कि राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए इस बारे में निर्णय लिया जाएगा कि अगले हफ्ते से स्कूल खोल दिए जाएं। इस पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे जल्द ही कोई फैसला ले सकते हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बड़ी कक्षाओं के साथ ही छोटी कक्षाओं के लिए स्कूलों को भी खोलने का निर्णय लिया जाएगा। बीते सोमवार को कई अभिभावकों ने राज्य सरकार के समक्ष स्कूलों को फिर से खोलने की मांग की थी। इससे पहले राज्य में कोरोना संक्रमण के मामलों में बीते दिनों वृद्धि हुई थी। जिसकी वजह से 15 फरवरी, 2022 तक स्कूलों व शिक्षण संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया गया था। राज्य में दिसंबर, 2021 में ओमीक्रॉन के लगातार मामले बढ़े थे।
विशेषज्ञों से बात करने बाद लिया गया फैसला
शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड ने कहा कि राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया था। लेकिन अब विशेषज्ञों से बातचीत करते हुए निर्णय लिया गया है कि कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के बाद हालातों का जायजा लेकर स्कूलों को खोला जाएगा। इस मामले में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के पास प्रस्ताव भेज दिया गया है। जिसमें सोमवार से महाराष्ट्र में स्कूलों को खोलने की बात शामिल है। शिक्षा मंत्री ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री इस प्रस्ताव को सकारात्मकता के साथ देखेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि 15 से 18 वर्ष के छात्रों को टीका जल्द से जल्द लगाया जाए। साथ ही शिक्षण व गैर शिक्षण कर्मचारियों को भी टीका लगाया जाए।
कोविड नियमों का सख्ती से हो पालन
विशेषज्ञों ने राज्य में लोगों को कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का लोग सख्ती से पालन करने के लिए कहा है। लोग मुंह पर मास्क लगाएं और शारीरिक दूरी का पालन करें। किसी भी जगह पर भीड़भाड़ जमा न करें। महाराष्ट्र में मंगलवार को 39,207 नए कोरोना संक्रमण के मामले दर्ज हुए थे। राज्य अब तक 2,67,659 मामले सक्रिय हो चुके हैं।
कमेंट
कमेंट X