JMI Admission 2025-26: जामिया ने 14 नए पाठ्यक्रम किए पेश, सार्क छात्रों के लिए आवेदन शुल्क में कमी
JMI University Prospectus: जामिया मिलिया इस्लामिया ने नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए यूनिवर्सिटी प्रॉस्पेक्टस जारी कर दिया है और दाखिले शुरू होने की घोषणा की है। इस साल जेएमआई ने 14 नए कोर्स शुरू किए हैं। छात्र अपने पसंदीदा कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
विस्तार
JMI Admission 2025: जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) ने नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दाखिले शुरू कर दिए हैं और इसके लिए 145 पन्नों का यूनिवर्सिटी प्रॉस्पेक्टस लॉन्च किया है। इसे कुलपति मजहर आसिफ ने रजिस्ट्रार मोहम्मद महताब आलम रिजवी और अन्य अधिकारियों के साथ ऑनलाइन पेश किया।
इस साल, जेएमआई ने शैक्षणिक गुणवत्ता और कौशल विकास को बेहतर बनाने के लिए 14 नए कोर्स शुरू किए हैं।
परीक्षा के उप नियंत्रक एहतेशामुल हक ने बताया कि नए पाठ्यक्रमों में दाखिला कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) के जरिए होगा। इस बार करीब 25 कोर्स में CUET मेरिट के आधार पर एडमिशन मिलेगा, जबकि पिछले साल यह संख्या 20 थी।
सार्क छात्रों के लिए आवेदन शुल्क में कमी
जामिया ने ज्यादा से ज्यादा छात्रों को आकर्षित करने के लिए जेएमआई ने सार्क देशों (जैसे भारत के पड़ोसी देश) के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क कम कर दिया है। एनआरआई और विदेशी नागरिकों के लिए डिप्लोमा प्रोग्राम की फीस में भी कटौती की गई है।
जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) ने बताया कि बीडीएस (डेंटल) कोर्स में दो सीटें विदेशी छात्रों के लिए आरक्षित की गई हैं। यह कोर्स एनईईटी परीक्षा के जरिए एडमिशन देता है।
इसके अलावा, अब विदेशी छात्र पीएचडी कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन इंटरव्यू दे सकेंगे। पहले उन्हें भारत आकर इंटरव्यू देना पड़ता था, लेकिन वीजा मिलने में दिक्कत होने के कारण यह मुश्किल होता था।
जेएमआई ने यह भी घोषणा की कि इस साल 29 कोर्स की प्रवेश परीक्षाएं आठ शहरों में आयोजित की जाएंगी, जिनमें मालेगांव और भोपाल भी शामिल हैं। इससे छात्रों को दिल्ली आने की जरूरत नहीं पड़ेगी और देशभर के छात्रों को मौका मिलेगा।
जेएमआई के नए पाठ्यक्रम इस प्रकार है:
- बैचलर ऑफ डिजाइन (बी.डी.ई.एस.) - 4 वर्ष
- बीएससी (ऑनर्स) कंप्यूटर साइंस 4 वर्ष
- सर्टिफिकेट (डिजाइन और नवाचार) स्व-वित्तपोषित शाम
- सर्टिफिकेट (टेक्सटाइल डिजाइन) स्व-वित्तपोषित शाम
- अग्नि सुरक्षा, लिफ्ट और प्लंबिंग सेवाओं में पीजी डिप्लोमा (स्व-वित्तपोषित)
- सर्टिफिकेट (ग्राफिक आर्ट) (प्रिंट मेकिंग) स्ववित्तपोषित
- एमएफए (क्यूरेटोरियल प्रैक्टिसेज) स्व-वित्तपोषित
- एमएफए (कला प्रबंधन) स्व-वित्तपोषित
- एमएफए (कॉन्सेप्चुअल आर्ट) स्व-वित्तपोषित
- एमएफए (ग्राफिक आर्ट) (प्रिंट मेकिंग) स्व-वित्तपोषित
- प्रमाणपत्र (कला और सौंदर्यशास्त्र) स्व-वित्तपोषित, शाम
- सर्टिफिकेट (क्रिएटिव फोटोग्राफी) स्व-वित्तपोषित शाम
- सर्टिफिकेट (कैलीग्राफी) स्व-वित्तपोषित शाम
- सर्टिफिकेट (आर्ट एप्रिसिएशन और आर्ट राइटिंग) स्व-वित्तपोषित, शाम
कमेंट
कमेंट X