IIT BHU Digital Art Festival: आईआईटी बीएचयू में 11 फरवरी से शुरू होगा डिजिटल आर्ट फेस्टिवल
IIT BHU Digital Art Festival: आईआईटी बीएचयू के एफएमसी की ओर से आयोजित किया जा रहा यह कार्यक्रम एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल आर्ट फेस्टिवल है। साल 2015 से इस कार्यक्रम का आयोजन हर साल किया जाता है।
विस्तार
IIT BHU Digital Art Festival 2022: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बीएचयू में तीन दिवसीय डिजिटल आर्ट फेस्टिवल का आयोजन 11 से 13 फरवरी, 2022 तक किया जा रहा है। इसके लिए संस्थान के फिल्म एंड मीडिया काउंसिल (एफएमसी) ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम के पहले दिन 11 फरवरी को फिल्म एंड मीडिया काउंसिल की ओर से शाम चार बजे ट्रेवल ब्लॉगिंग वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। वहीं, इसके बाद 13 तारीख तक लगातार विभिन्न आयोजन और प्रतियोगिताएं होंगी। अमर उजाला इस कार्यक्रम से बतौर मीडिया पार्टनर जुड़ा है।
एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल आर्ट फेस्टिवल
आईआईटी बीएचयू के एफएमसी की ओर से आयोजित किया जा रहा यह कार्यक्रम एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल आर्ट फेस्टिवल है। साल 2015 से इस कार्यक्रम का आयोजन हर साल किया जा रहा है। इसमें एनिमेटर, सिनेमेटोग्राफर, डिजाइनर, पत्रकारों और फोटोग्राफर को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का और बहुत सारी नई तकनीकियां सीखने का मौका मिलता है। कोरोना संक्रमण की वजह से इस साल फेस्टिपल से जुड़े सभी कार्यक्रम ऑनलाइन मोड में आयोजित किए जा रहे हैं।
एक लाख 73 हजार रुपये से अधिक के पुरस्कार
एफएमसी सप्ताह में कुल छह कलात्मक शैलियों (जेनर) आधारित मुख्य प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें फोटोग्राफी, सिनेमेटोग्राफी, मीडिया, डिजाइन, एनिमेशन और आउटरीच आदि शामिल हैं। इन शैलियों में भी कुल 20 प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही एक लाख 73 हजार रुपये से अधिक के पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के अलावा डिजिटल आर्ट फेस्टिवल में कार्यशालाएं और सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
ये व्यक्ति होंगे शामिल
एफएमसी के इस सत्र में संदीप कमल, निकिता सिंह, नवीन वत्स, मितेश शाह, आनंद गांधी, प्रवीण पंडित, अंकित टुटेजा, राथिका रामासामी, शाश्वत माहेश्वरी, जैक्सन अल्वेस और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। एफएमसी के पिछले सत्रों में अमिताभ सिंह, जॉर्डन टेलर राइट, नाजनीन भाटिया, रॉबर्ट जॉन्स, रीतम भटनागर, निरेन भट्ट, टेड चिन, मेघना पंत, स्क्रिबल्ड स्टोरीज के लेखक वी. श्रीनिवास मोहन, और कई अन्य प्रमुख कलाकार जुड़ें थे।
''वेयर मैजिक हैपेन्स अलाईव'' है इस साल की थीम
आईआईटी बीएचयू के एफएमसी की ओर से आयोजित किए जा रहे डिजिटल आर्ट फेस्टिवल की थीम ''वेयर मैजिक हैपेन्स अलाईव'' रखी गई है। इस कार्यक्रम में भाग लेने पर बहुत कुछ सीखने को मिल सकता है।
इस कार्यक्रम में पंजीयन कराने के लिए www.fmcweekend.in पर जा सकते हैं।
कमेंट
कमेंट X