DU: अब स्पॉट राउंड से मिलेगा स्नातक प्रोग्राम में दाखिला; खाली सीटों की जानकारी 25 अगस्त को जारी करेगा डीयू
Delhi University: शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत स्नातक प्रोग्राम में दाखिले के लिए डीयू अब स्पॉट राउंड का आयोजन करेगा। विश्वविद्यालय 25 अगस्त को खाली सीटों की जानकारी साझा करेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Delhi University: दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत स्नातक प्रोग्राम में दाखिले के तीन राउंड संपन्न होने के बाद अब खाली सीटों को भरने के लिए स्पॉट राउंड-1 होगा। डीयू ने इन सीटों के लिए पहले स्पॉट राउंड की घोषणा की है।
25 अगस्त से शुरू होगा स्पॉट राउंड-1
स्पॉट राउंड-1 की शुरुआत 25 को शाम पांच बजे से होगी। इसी समय पर कॉलेज व कोर्स वाइज खाली सीटों की जानकारी जारी की जाएगी। इसके आधार पर छात्र खाली सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे। स्पॉट राउंड में छात्रों को सीट अपग्रेड करने व दाखिले को वापस लेने का अवसर नहीं मिलेगा। इस राउंड में वही छात्र दाखिला पाने के योग्य होंगे जिन्हें 24 अगस्त तक कहीं दाखिला नहीं मिल सका है।
नोट करें स्पॉट राउंड का पूरा कार्यक्रम
दिल्ली विश्वविद्यालय के दाखिला डीन प्रो. हनीत गांधी के अनुसार छात्र 25 अगस्त से 27 अगस्त शाम 4:59 बजे तक अपने डैशबोर्ड के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के आधार पर छात्रों को सीट का आवंटन 28 अगस्त शाम पांच बजे तक किया जाएगा।
इस राउंड में छात्र की आवंटित सीट को स्वीकार करना अनिवार्य है। यदि कोई छात्र सीट को स्वीकार नहीं करता तो वह कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (यूजी 2025) से बाहर हो जाएगा। छात्रों को आवंटित सीट 28 अगस्त शाम पांच बजे से 29 अगस्त शाम 4:59 मिनट तक स्वीकार करना होगा। छात्र फीस का भुगतान 30 अगस्त तक कर सकते हैं। इसमें वह छात्र दाखिला लेने के योग्य होंगे जिन्हें 24 अगस्त तक दाखिला नहीं मिला है।
वहीं, अब तक दाखिला पाए सभी छात्रों का डैशबोर्ड अब फ्रीज मोड पर चला जाएगा। वह अपने पहले वाले दाखिले को वापस नहीं ले सकेंगे। स्पॉट राउंड में हिस्सा लेने के लिए छात्रों को अपने डैशबोर्ड के माध्यम से स्पॉट राउंड-1 का विकल्प चुनना होगा।
24 की शाम 4:59 बजे तक कर सकेंगे फीस का भुगतान
डीयू ने एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी (ईसीए), स्पोर्ट्स व वार्ड कोटा के दूसरे राउंड में सीट आवंटन के दूसरे राउंड की भी घोषणा की है। यह राउंड 22 अगस्त से शुरू होगा। इसमें आवंटित सीट को छात्रों को 22 अगस्त शाम पांच बजे से 23 अगस्त शाम 4:59 मिनट तक स्वीकार करना होगा। इस सीट आवंटन के तहत छात्र फीस का भुगतान 24 अगस्त शाम 4:59 मिनट तक कर सकेंगे।
| तिथि | समय सीमा | कार्य / विवरण |
|---|---|---|
| 22 अगस्त 2025 | शाम 5:00 बजे से | ईसीए, स्पोर्ट्स व वार्ड कोटा दूसरे राउंड की सीट स्वीकार प्रक्रिया शुरू |
| 23 अगस्त 2025 | शाम 4:59 बजे तक | ईसीए/स्पोर्ट्स/वार्ड कोटा सीट स्वीकार करने की अंतिम तिथि |
| 24 अगस्त 2025 | शाम 4:59 बजे तक | ईसीए/स्पोर्ट्स/वार्ड कोटा सीट के लिए फीस भुगतान की अंतिम तिथि |
| 24 अगस्त 2025 | - | जिन छात्रों को इस तिथि तक दाखिला नहीं मिला है, वे ही अगले राउंड के लिए आवेदन के योग्य होंगे |
| 25 अगस्त 2025 | सुबह से | आवेदन प्रक्रिया शुरू (डैशबोर्ड के माध्यम से) |
| 27 अगस्त 2025 | शाम 4:59 बजे तक | आवेदन करने की अंतिम तिथि |
| 28 अगस्त 2025 | शाम 5:00 बजे तक | सीट आवंटन किया जाएगा |
| 28 अगस्त 2025 | शाम 5:00 बजे से | सीट स्वीकार करने की प्रक्रिया शुरू |
| 29 अगस्त 2025 | शाम 4:59 बजे तक | आवंटित सीट स्वीकार करने की अंतिम तिथि |
| 30 अगस्त 2025 | पूरे दिन | फीस भुगतान की अंतिम तिथि |
सिर्फ खाली सीटों पर ही मिलेगा प्रवेश
दाखिला लेने के इच्छुक छात्र केवल उन्हीं कार्यक्रम-कॉलेज संयोजनों का चयन कर सकेंगे जहां श्रेणी के अनुसार सीटें खाली होंगी। इस तरह से सीट की उपलब्धता के आधार पर ही दाखिला मिलेगा। इस स्पॉट एडमिशन राउंड में आवंटित सीट अंतिम होगी और स्पॉट एडमिशन के किसी भी बाद के राउंड में अपग्रेड नहीं की जाएगी।
कमेंट
कमेंट X