Delhi University: डीयू में गुरुवार से शुरू होंगी ऑफलाइन कक्षाएं, प्रथम वर्ष के लिए हाइब्रिड मॉडल की व्यवस्था
Delhi University: अंतिम वर्ष के कई छात्रों ने विश्वविद्यालय से ऑनलाइन कक्षाओं की मांग की है। उनका कहना है कि अब पढ़ाई खत्म होने में केवल दो महीने का समय बचा है।
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय में ऑफलाइन कक्षाओं को 17 फरवरी से शुरू किया जा रहा है। हालांकि कुछ कॉलेज ने प्रथम वर्ष की कक्षाओं को हाइब्रिड मॉडल (ऑनलाइन/ऑफलाइन) मोड में आयोजित करने का फैसला किया है। मिरांडा हाउस की प्रिंसिपल बिजयलक्ष्मी नंदा ने बताया कि हम प्रथम वर्ष की कक्षाओं को हाइब्रिड मॉडल में आयोजित करेंगे ताकि छात्रों के तनाव को कम किया जा सके। वहीं, दूसरे और तीसरे वर्ष के छात्रों को ऑफलाइन कक्षा में भाग लेना होगा। हालांकि, उन्हें ऑनलाइन अध्ययन की सामाग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
मिरांडा हाउस की तरह कई अन्य कॉलेजों ने भी इसी तरह की व्यवस्था की है। राजधानी कॉलेज, हंसराज कॉलेज और आर्यभट्ट कॉलेज में भी ऐसी ही व्यवस्था की गई है। आर्यभट्ट कॉलेज के प्रिंसिपल मनोज सिन्हा ने बताया कि छात्रों पर कक्षाओं में शामिल होने के लिए कोई दवाब नहीं होगा। छात्रों के लिए ऑनलाइन रिकॉर्डेड लेक्चर उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जा रही है।
ऑनलाइन कक्षाओं की हो रही मांग
अंतिम वर्ष के कई छात्रों ने विश्वविद्यालय से ऑनलाइन कक्षाओं की मांग की है। उनका कहना है कि अब पढ़ाई खत्म होने में केवल दो महीने का समय बचा है। ऐसे में दूर-दराज के क्षेत्रों से पैसे खर्च कर के इतमे कम समय के लिए वापस कॉलेज आने का कोई फायदा नहीं है। इसे लेकर छात्रों ने वीसी, रजिस्ट्रार आदि के नाम पर एक ऑनलाइन याचिका भी शुरू की है। अब तक इसपर 40 हजार लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।
हालांकि, कॉलेजों के प्रिंसिपल ने बताया है कि अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं की कोई भी योजना नहीं बनाई गई है। अंतिम वर्ष की परीक्षाएं भी ऑनलाइन मोड में ही होंगी। छात्रों की कक्षाएं तो ऑफलाइन ही होंगी, लेकिन उन्हें ऑनलाइन अध्ययन सामाग्री, अकादमिक सहायता आदि प्रदान की जाएंगी।
कमेंट
कमेंट X