CLAT 2026: यूजी, पीजी और एनएलयू कोर्सज के लिए आवेदन शुरू, जानें कितने अंक हैं जरूरी; देखें योग्यता
CLAT 2026 Registration: कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज ने यूजी और पीजी कानून पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
Law Entrance Exam: कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) ने क्लैट 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया आज 1 अगस्त 2025 से शुरू कर दी है, जो कि 31 अक्तूबर 2025 तक चलेगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। परीक्षा 21 जुलाई 2025 को आयोजित होगी। यह परीक्षा भारत के 22 नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (NLUs) में UG और PG लॉ कोर्सेस में एडमिशन के लिए आयोजित की जाती है।
यूजी के लिए योग्यता
जो छात्र कक्षा 12वीं पास कर चुके हैं या 2025-26 शैक्षणिक वर्ष में 12वीं की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, वे CLAT 2026 के लिए यूजी कोर्स में आवेदन कर सकते हैं। सामान्य, ओबीसी, दिव्यांग और एनआरआई श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 45% अंक जरूरी हैं, जबकि एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कम से कम 40% अंक होना अनिवार्य है।
पीजी (LLM) कार्यक्रम के लिए पात्रता
CLAT 2026 के पीजी कोर्स (एलएलएम) में वे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिनके पास एलएलबी की डिग्री है या जो एलएलबी के अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रहे हैं। सामान्य, ओबीसी, दिव्यांग और एनआरआई उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50% अंक, जबकि एससी और एसटी वर्ग के लिए 45% अंक अनिवार्य हैं।
आवेदन शुल्क की श्रेणीवार जानकारी
क्लैट 2026 के लिए आवेदन शुल्क उम्मीदवार की श्रेणी और इस बात पर निर्भर करता है कि वे पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र खरीदना चाहते हैं या नहीं। सामान्य, ओबीसी, पीडब्ल्यूडी, एनआरआई, पीआईओ और ओसीआई वर्ग के उम्मीदवारों को 4,000 रुपये शुल्क देना होगा यदि वे प्रश्नपत्र नहीं लेना चाहते। वहीं, अगर वे प्रश्नपत्र प्राप्त करना चाहते हैं, तो उन्हें 4,500 रुपये का शुल्क देना होगा।
एससी, एसटी और बीपीएल श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क थोड़ा कम रखा गया है। यदि वे बिना प्रश्नपत्र के आवेदन करते हैं, तो उन्हें 3,500 रुपये चुकाने होंगे। जबकि प्रश्नपत्र के साथ आवेदन करने पर यह शुल्क 4,000 रुपये हो जाता है। आवेदन शुल्क ऑनलाइन मोड में स्वीकार किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in वेबसाइट पर जाएं।
- "CLAT 2026 Registration" लिंक पर क्लिक करें और मोबाइल नंबर, ईमेल ID और नाम दर्ज करके रजिस्ट्रेशन करें।
- रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन ID और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें।
- अपना व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक योग्यता और कोर्स (UG/PG) की जानकारी सावधानीपूर्वक भरें।
- पासपोर्ट साइज फोटो, सिग्नेचर और अन्य आवश्यक दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करें।
- अपनी श्रेणी के अनुसार ऑनलाइन मोड से आवेदन शुल्क जमा करें।
- सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट आउट निकालकर अपने पास रख लें।
कमेंट
कमेंट X