CBSE 12th Supplementary Result: सीबीएसई ने जारी किया 12वीं का सप्लीमेंट्री परिणाम, केवल 38.38% बच्चे हुए पास
CBSE 12th Supplementary Result OUT: सीबीएसई बोर्ड ने 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। जो भी छात्र पूरक परीक्षा में शामिल हुए थे, वे अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रिजल्ट देख सकते हैं।
विस्तार
CBSE 12th Supplementary Result 2025: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आज कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। जो भी विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, वे अब आधिकारिक वेबसाइट - results.cbse.nic.in पर जाकर अपने अंक देख सकते हैं। सत्यापन प्रक्रिया 6 अगस्त से शुरू होगी।
सीबीएसई कक्षा 12वीं की मार्कशीट में छात्र का नाम, विषयवार कुल अंक, थ्योरी और प्रैक्टिकल स्कोर और योग्यता स्थिति (उत्तीर्ण या अनुत्तीर्ण) सहित अन्य विवरण शामिल होंगे।
38.38% रहा परिणाम
- इस वर्ष, कक्षा 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए कुल 1,43,581 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,38,666 छात्र उपस्थित हुए और 53,201 छात्र (38.36 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुए।
- विदेशी स्कूल केंद्रों में, 938 छात्रों ने पंजीकरण कराया और 918 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 486 (52.94 प्रतिशत) छात्र कंपार्टमेंट परीक्षा में उत्तीर्ण हुए।
- हर साल की तरह, इस बार भी लड़कियों ने लड़कों से 4.56 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया है। पूरक परीक्षाओं में लड़कियों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 41.35 प्रतिशत और लड़कों का 36.79 प्रतिशत दर्ज किया गया।
- इसके अतिरिक्त, सीडब्ल्यूएसएन (विशेष आवश्यकता वाले बच्चे) श्रेणी में कुल 278 छात्र कम्पार्टमेंट परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 273 परीक्षा में शामिल हुए और 137 उत्तीर्ण हुए (50.18 प्रतिशत)।
जुलाई में हुई थी पूरक परीक्षा
कक्षा 12 के सभी (67) विषयों की पूरक परीक्षाएं 15 जुलाई, 2025 को पूरे देश और विदेशों के 26 देशों में आयोजित की गई थीं। इस वर्ष, सीबीएसई कक्षा 10वीं और सीबीएसई कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षा के परिणाम 13 मई को घोषित किए गए थे। इस बार कुल 17,04,367 छात्र पंजीकृत थे। इनमें से 16,92,794 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 14,96,307 छात्र परीक्षा में उत्तीर्ण हुए।
कमेंट
कमेंट X