यूएन ग्रेजुएट प्रोग्राम: युवाओं को संयुक्त राष्ट्र के साथ काम करने का मौका; मिलेगी 1,500 अमेरिकी डॉलर की राशि
संयुक्त राष्ट्र ने युवाओं के लिए ग्रेजुएट प्रोफेशनल प्रोग्राम शुरू किया है। इसके जरिए युवाओं को संयुक्त राष्ट्र के साथ काम करने और शांति व सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को करीब से समझने का मौका मिलेगा। इच्छुक उम्मीदवार 16 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संयुक्त राष्ट्र निरस्त्रीकरण अनुसंधान संस्थान (यूएनआईडीआईआर), जिनेवा ने ग्रेजुएट प्रोफेशनल प्रोग्राम के तहत युवाओं से आवेदन मांगे हैं। संयुक्त राष्ट्र के साथ काम करने और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के क्षेत्र में शोध का अनुभव हासिल करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह एक शानदार अवसर है। इस प्रोग्राम के जरिये युवाओं को संयुक्त राष्ट्र की एक अंतरराष्ट्रीय संस्था के साथ काम करने और शांति, सुरक्षा आदि से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को समझने का मौका मिलेगा।
रिसर्च का मिलेगा अनुभव
इसके तहत बैकग्राउंड रिसर्च करने के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों की योजना बनाने और उन्हें सफलतापूर्वक लागू करने में सहयोग करना होगा। इसमें मीटिंग, वर्कशॉप, कॉन्फ्रेंस और फील्ड मिशन जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। इसके अलावा उम्मीदवार को कम्युनिकेशन, कोऑर्डिनेशन और प्रशासनिक कार्यों में भी टीम की मदद करनी होगी। उम्मीदवार में अलग-अलग देशों और संस्कृतियों से आने वाले लोगों के साथ टीम में मिलकर काम करने की क्षमता होनी चाहिए।
इन विषयों के छात्रों को प्राथमिकता
इस कार्यक्रम के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी ग्रेजुएट स्कूल प्रोग्राम यानी सेकेंड यूनिवर्सिटी डिग्री या इसके समकक्ष उच्च शिक्षा कार्यक्रम में नामांकित होना जरूरी है। जिन उम्मीदवारों ने अपनी ऐसी डिग्री पूरी कर ली है, उन्हें डिग्री पूरी होने के एक साल के भीतर ग्रेजुएट प्रोफेशनल प्रोग्राम शुरू करना होगा। जेंडर, युवाओं और निरस्त्रीकरण से जुड़े विषयों में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसमें अंतरराष्ट्रीय संबंध, राजनीति विज्ञान, कानून और जेंडर स्टडीज जैसे विषय शामिल हैं।
डिजिटल स्किल जरूरी
उम्मीदवार की अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ होना जरूरी है। उम्मीदवार को माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के वर्ड, एक्सेल और पावरपॉइंट के साथ-साथ कैनवा और इनडिजाइन जैसे डिजाइन टूल्स की भी जानकारी होनी चाहिए। इसके अलावा, उम्मीदवार में संयुक्त राष्ट्र के काम और उसके उद्देश्यों के प्रति गहरी रुचि होनी चाहिए। आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को शिक्षा, अंग्रेजी भाषा, सॉफ्टवेयर स्किल, मल्टीटास्किंग क्षमता और प्रकाशित लेखन कार्य से जुड़े पांच स्क्रीनिंग सवालों के जवाब देने होंगे। प्रत्येक सवाल का जवाब 250 शब्दों या उससे कम में देना होगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार अपना परिचय पत्र, इंस्पिरा पीएचपी की पीडीएफ और चयन संबंधी सवालों के संक्षिप्त जवाब unidir.recruitment@un.org पर पीडीएफ में भेजें। ई-मेल विषय में ‘यूएनआईडीआईआर जीपीपी-इंटऐप (जिनेवा)’ लिखना अनिवार्य है। आवेदन की अंतिम तिथि 16 सितंबर, 2026 है। केवल शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों से संपर्क किया जाएगा।
- कार्यक्रम की अवधि छह महीने निर्धारित है, जो नवंबर 2026 से शुरू होगी।
- यह पूर्णकालिक अवसर है।
- चयनित उम्मीदवार को जिनेवा में रहने और अन्य जरूरी खर्चों में सहायता के लिए हर महीने 1,500 अमेरिकी डॉलर की राशि प्रदान की जाएगी।
- उम्मीदवारों को वैध चिकित्सा बीमा और स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र भी देना होगा।
कमेंट
कमेंट X