असम ओलंपियाड परीक्षा 21 मार्च को, एनटीए लेगी परीक्षा, ऐसे कराएं रजिस्ट्रेशन
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) असम में 21 मार्च को राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा साइंस ओलंपियाड का आयोजन करने जा रही है। साइंस ओलंपियाड का आयोजन असम राज्य के विभिन्न सरकारी स्कूलों में कक्षा 6 से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए गणित और विज्ञान विषय में किया जाना है। कोरोना महामारी के दौर में शारीरिक दूरी जैसे मापदंडों का सहजता से अनुपालन कराने के लिए एनटीए की ओर से असम ओलंपियाड परीक्षा के आयोजन के लिए पूरे राज्य में 145 केंद्र बनाए गए हैं।
ऑफलाइन होगी परीक्षा
असम साइंस ओलंपियाड परीक्षा स्कूली ऑफलाइन और ओएमआर शीट माध्यम में आयोजित की जाएगी। सभी प्रश्नों के उत्तर परीक्षार्थी को ओएमआर शीट में गोले करके अंकित करने होंगे। परीक्षा में सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे और परीक्षा की समय अवधि तीन घंटे की होगी। असम साइंस ओलंपियाड में प्रश्न पत्र दो भाषाओं में होगा। एक भाषा अंग्रेजी रहेगी। जबकि दूसरी भाषा के तौर पर छात्र -छात्राएं असमिया, बंगाली और बोडो में किसी एक को चुन सकते हैं।
पंजीकरण 25 फरवरी तक
असम साइंस ओलंपियाड में शामिल होने के लिए पंजीकरण 16 फरवरी, 2021 से शुरू हो चुके हैं। वे सभी छात्र जो साइंस ओलंपियाड परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट ao.nta.ac.in पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण का लिंक 25 फरवरी, 2021 तक सक्रिय रहेगा। निर्धारित तिथि के बाद किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
ऐसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
- असम ओलंपियाड 2021 के लिए रजिस्ट्रेशन हेतु सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- वेबसाइट खुलने के बाद, वहां रजिस्टर बटन पर क्लिक कर जानकारी भरें।
- पंजीकरण के बाद एक सिस्टम जनरेटेड एप्लीकेशन नंबर आएगा, उसको नोट करें।
- अपना आवेदन पत्र पूरा भरें और परीक्षा केंद्र के लिए निकटतम चार शहरों को चुनें।
- अपने हस्ताक्षर, फोटो और दस्तावेज निर्धारित साइज में अपलोड करें।
- फोटो और हस्ताक्षर के अपलोड होने के बाद ही उम्मीदवारों के ऑनलाइन आवेदन मान्य होगा।
- आवेदन पत्र पूरी भरने के बाद जमा करने के साथ ही उसकी प्रति डाउनलोड करें और भविष्य के लिए इसका प्रिंटआउट रख लें।
कमेंट
कमेंट X