AIU ने कुलपतियों को लिखा पत्र: छात्रों को पढ़ाई पर केंद्रित रखने की अपील, विरोध प्रदर्शनों को लेकर कही ये बात
Association of Indian Universities: प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच एआईयू ने देशभर के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और निदेशकों को पत्र लिखा है। इस पत्र में कुलपतियों से छात्रों को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखने, उन्हें भावनात्मक सहयोग देने और आंदोलनों से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई है।
विस्तार
Association of Indian Universities: प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर देशभर में चल रहे छात्र विरोध प्रदर्शनों के बीच एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) ने सभी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों से अहम अपील की है। संगठन ने कुलपतियों और संस्थानों के निदेशकों को पत्र लिखकर कहा है कि वे छात्रों को अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखने के लिए प्रेरित करें और उनकी ऊर्जा विरोध प्रदर्शनों में न भटकने दें।
AIU ने कुलपतियों को क्या लिखा?
जारी पत्र में कहा गया है कि हाल के दिनों में कुछ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर उठे विवादों के कारण कई छात्र कक्षाओं से दूर रहकर विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों में शामिल हो रहे हैं। एआईयू ने इसे चिंता का विषय बताया है।
छात्रों की चिंताओं को बताया महत्वपूर्ण
एआईयू ने अपने पत्र में कहा है कि छात्रों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उनकी बातों को सहानुभूति और सम्मान के साथ सुना जाना चाहिए। हालांकि, संगठन का मानना है कि लंबे समय तक चलने वाले आंदोलन का सबसे अधिक नुकसान छात्रों को ही उठाना पड़ता है।
पत्र में कहा गया है कि ऐसे आंदोलनों से पढ़ाई प्रभावित होती है, परीक्षा की तैयारी पर असर पड़ता है और छात्रों पर अनावश्यक मानसिक दबाव बढ़ता है।
विश्वविद्यालयों से भावनात्मक सहयोग देने की अपील
एआईयू ने सभी कुलपतियों और संस्थानों के प्रमुखों से कहा है कि वे छात्रों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें, उनका मार्गदर्शन करें और उन्हें भावनात्मक सहयोग भी दें। पत्र में उम्मीद जताई गई है कि संस्थानों के नेतृत्व और सहयोग से परिसर का माहौल शांत रहेगा और छात्र अपनी पूरी ऊर्जा पढ़ाई तथा राष्ट्र निर्माण में लगा सकेंगे।
कमेंट
कमेंट X