AIIMS NORCET 9 Result: एम्स ने जारी किया नॉर्सेट-9 मुख्य परीक्षा का परिणाम, 13996 उम्मीदवार सफल; देखें सूची
AIIMS NORCET 9 Mains Result: एम्स ने नॉर्सेट-9 मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। कुल 13,996 उम्मीदवार सफल हुए हैं। परीक्षा 27 सितंबर को आयोजित हुई थी। सीट आवंटन की अंतिम स्थिति और ऑनलाइन चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 13 से 20 अक्तूबर तक चलेगी।
विस्तार
AIIMS NORCET 9 Mains Result 2025: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली ने नर्सिंग ऑफिसर भर्ती कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (NORCET 9) मुख्य परीक्षा का रिजल्ट आज, 3 अक्तूबर को घोषित कर दिया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। इस परीक्षा में कुल 13,996 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं।
उम्मीदवारों को नॉर्सेट-9 स्टेज 2 का रिजल्ट डाउनलोड करने के लिए अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड का उपयोग करना होगा। रिजल्ट उन अभ्यर्थियों के लिए भी उपलब्ध रहेगा, जो परीक्षा में सफल नहीं हो पाए हैं।
अब आगे क्या?
एम्स ने नॉर्सेट-9 स्टेज 2 परीक्षा का आयोजन 27 सितंबर 2025 को किया था। यह भर्ती परीक्षा नर्सिंग ऑफिसर पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की गई थी। एम्स की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सीट आवंटन की अंतिम स्थिति और विस्तृत प्रक्रिया 13 अक्तूबर को प्रकाशित की जाएगी। उसी दिन से ऑनलाइन चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया भी शुरू होगी, जो 20 अक्तूबर 2025 तक चलेगी।
- इस बार नॉर्सेट 9 परीक्षा के लिए कुल 19,332 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट किए गए थे।
- इनमें से 13,996 अभ्यर्थियों ने स्टेज 2 परीक्षा में क्वालीफाई किया है।
- यह परिणाम प्रोविजनल है और कैंडिडेट्स की पात्रता की जांच के बाद ही अंतिम रूप से मान्य होगा। किसी भी स्तर पर विसंगति पाए जाने पर अभ्यर्थिता रद्द कर दी जाएगी।
श्रेणीवार सफल अभ्यर्थियों का विवरण
नॉर्सेट-9 स्टेज 2 परीक्षा में पास हुए उम्मीदवारों का लिंग और श्रेणीवार आंकड़ा इस प्रकार है:
| श्रेणी | पुरुष | पुरुष PWBD | महिला | महिला PWBD | कुल |
|---|---|---|---|---|---|
| अनारक्षित | 412 | 02 | 1445 | 04 | 1863 |
| ईडब्ल्यूएस | 356 | - | 741 | 02 | 1099 |
| ओबीसी | 2188 | 06 | 4422 | 06 | 6622 |
| एससी | 1069 | 01 | 2259 | 01 | 3330 |
| एसटी | 219 | - | 859 | 04 | 1082 |
| कुल | 4244 | 09 | 9726 | 17 | 13996 |
ऐसे हल की गई टाई की समस्या
एम्स ने स्पष्ट किया है कि यदि दो या अधिक उम्मीदवारों के अंक समान रहे तो टाई निम्नलिखित तरीके से सुलझाया गया:
- सबसे पहले जन्मतिथि को आधार बनाया गया, जिसमें उम्रदराज उम्मीदवार को वरीयता दी गई।
- यदि इससे भी टाई नहीं टूटा तो गलत उत्तरों/निगेटिव मार्क्स की संख्या को आधार बनाया गया। जिन उम्मीदवारों के गलत उत्तर या निगेटिव मार्क्स कम रहे, उन्हें उच्च स्थान दिया गया।
कमेंट
कमेंट X