अमर उजाला विशेष: छात्रों के लिए अच्छी खबर! बीटेक में 97 हजार सीटें बढ़ीं, अब 15.92 लाख सीटों पर होंगे दाखिले
AICTE: तकनीकी शिक्षा में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन ने बीटेक सहित अन्य तकनीकी कोर्सेस में 97 हजार नई सीटें बढ़ा दी हैं। अब देशभर के 12,891 कॉलेजों में कुल 15.92 लाख बीटेक सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
BTech Admissions 2025: केंद्र सरकार ने तकनीकी कोर्स में 97 हजार सीटें बढ़ा दी हैं। इस साल बीटेक में 15.92 लाख से अधिक सीटों को मंजूरी मिली। इंजीनियरिंग के डिप्लोमा कोर्स में 10.5 लाख और कंप्यूटर एप्लीकेशन यानी बीसीए में 4.70 लाख सीटें हो गई हैं।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के 12, 891 तकनीकी कॉलेजों में इंजीनियरिंग, प्लानिंग, होटल मैनेजमेंट, मैनेजमेंट, कंप्यूटर एप्लीकेशन कोर्स में सीटों का आंकड़ा 42.97 लाख तक पहुंच गया है। खास बात है कि पिछले साल के मुकाबले कुल 1.67 लाख सीटों में बढ़ोतरी तो 241 कॉलेज कम हुए हैं। नौ साल के बाद इंजीनियरिंग, बीसीए, होटल मैनेजमेंट, प्लानिंग में सीट बढ़ी हैं।
तकनीकी कोर्स में उभरते क्षेत्रों में सीटों का इजाफा
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बीटेक प्रोग्राम में कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक, आईओटी, डेटा साइंस, मशीन लर्निंग, बीआईएसआई जैसे उभरते डिमांड वाले क्षेत्र और कोर इंजीनियरिंग वाले कोर्स में सीट बढ़ाई गई हैं। इसमें सरकारी और निजी कॉलेजों की डिमांड के आधार पर सीटों को मंजूरी दी गई है, लेकिन कॉलेजों में कटौती की गई है। पिछले साल 13,312 कॉलेज थे। इस बार 12, 891 कॉलेज हैं।
बीटेक और कंप्यूटर एप्लीकेशन कोर्स में सबसे ज्यादा सीटें
इस साल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के बीटेक में 15.92 लाख, एमटेक में 1.27 लाख, डिप्लोमा में 10.5 लाख सीट हैं। कंप्यूटर एप्लीकेशन यानी बीसीए में 4.70 लाख और पीजी में 1.43 लाख सीट हैं। होटल मैनेजमेंट के यूजी में 8814, डिप्लोमा में 1889 व पीजी में 204 सीट हैं। मैनेजमेंट के यूजी 4.43 लाख, पीजी में 4.16 लाख, पीजी डिप्लोमा में 65823, पीजी सर्टिफिकेट में 1740 सीट हैं। डिजाइन के यूजी में 6120, पीजी में 500, डिप्लोमा में 60 सीट हैं। प्लानिंग के यूजी में 565, पीजी में 616 सीट हैं। सबसे अधिक सीटें बीटेक और कंप्यूटर एप्लीकेशन कोर्स में बढ़ाई गई हैं।
नियमों को पूरा न करने वाले 800 कॉलेज बंद
वर्ष 2016 में इंजीनियरिंग कॉलेजों की गुणवत्ता में सुधार कार्यक्रम शुरू हुआ। नियमों को पूरा न करने पर अब तक 800 कॉलेज बंद और लाखों सीटों में कटौती हुई है। इनमें पुराने जमाने के इंजीनियरिंग कोर्स भी थे, जिसमें छात्रों की रूचि नहीं होने से 50 फीसदी से अधिक सीटें खाली रहती थीं। वर्ष 2017 और 2018 में सीटों में कटौती की गई थी।
एक अनुमान के मुताबिक एक से डेढ़ लाख सीट कम हुई थीं। एआईसीटीई ने वर्ष 2018 में बीटेक पाठ्यक्रम में सुधार के लिए कमेटी बनाई। कमेटी ने 2019 से 2024 तक नए इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने और सीट बढ़ाने पर रोक लगा दी। 2023 में कमेटी ने नए इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने और सीट बढ़ाने पर लगाई रोक हटा दी। इसमें बढ़ते मांग वाले कोर्सों में सीट बढ़ाने का काम 2025 से लागू हुआ है।
मुख्य बातें:
- एआईसीटीई के 12891 कॉलेजों में सीटों की संख्या 42.97 लाख पहुंची
- नौ साल बाद इंजीनियरिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, होटल मैनेमजेंट, मैनेजमेंट प्लानिंग की सीटों में वृद्धि
- वर्ष 2018 में कमेटी ने बढ़ाने पर लगाई थी रोक
कमेंट
कमेंट X