American Visa: 2022 में 82,000 भारतीय छात्रों को मिला अमेरिकी वीजा, अन्य देशों की तुलना में कहीं अधिक संख्या
अमेरिकी राजनयिक पेट्रीसिया लैसीना ने कहा कि हमने अकेले इस गर्मी में 82,000 से अधिक छात्र वीजा जारी किए, जो पिछले किसी भी वर्ष की तुलना में अधिक है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत में अमेरिकी मिशनों ने वर्ष 2022 में अब तक 82,000 छात्रों को वीजा जारी किए हैं। यह संख्या बीते किसी भी वर्ष की तुलना में कहीं अधिक है। भारतीय छात्रों को किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक अमेरिकी छात्र वीजा प्राप्त हुए हैं। अमेरिकी दूतावास ने एक बयान में कहा है कि नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास और चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई में वाणिज्य दूतावासों ने मई से अगस्त तक छात्र वीजा आवेदनों को प्राथमिकता दी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अधिक से अधिक योग्य छात्र निर्धारित समय पर अपने अध्ययन के कार्यक्रमों में पहुंच सकें।
उच्च शिक्षा के लिए सबसे अधिक मांग वाला देश
अमेरिकी राजनयिक पेट्रीसिया लैसीना ने कहा कि हमने अकेले इस गर्मी में 82,000 से अधिक छात्र वीजा जारी किए, जो पिछले किसी भी वर्ष की तुलना में अधिक है। इससे पता चलता है कि अधिकांश भारतीय परिवारों के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका उच्च शिक्षा के लिए सबसे अधिक मांग वाला देश बना हुआ है। उन्होंने कहा कि हमें यह देखकर खुशी हो रही है कि इतने सारे छात्र कोविड -19 महामारी के कारण पिछले वर्षों में हुई देरी के बाद वीजा प्राप्त करने और अपने विश्वविद्यालयों तक पहुंचने में सक्षम थे। उन्होंने कहा कि यह भारतीय छात्रों के महत्वपूर्ण योगदान को भी उजागर करता है। ये छात्र अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को बनाए रखने और विकसित करने के लिए अमेरिकी साथियों के साथ जीवन भर संबंध बनाते हैं। वहीं, एक अन्य अधिकारी डॉन हेफ्लिन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्टूडेंट मोबिलिटी अमेरिका की कूटनीति का केंद्र है और कहीं भी छात्रों का योगदान भारत से बड़ा नहीं है।
अमेरिका में कुल अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लगभग 20 फीसदी भारत से हैं। साल 2021 में जारी ओपन डोर्स रिपोर्ट में बताया गया है कि 2020-21 शैक्षणिक वर्ष के दौरान भारत के 167,582 छात्र अमेरिका में थे। कोरोना महामारी के दौरान भी अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए अपने दरवाजे खोले रखे हैं। अमेरिकी सरकार और उच्च शिक्षा संस्थानों ने साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए कई महत्वपूर्ण उपायों को लागू किया था।
कमेंट
कमेंट X