फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Crime ›   Roadways bus crushed player in Rohtas, death

रोहटा में रोडवेज बस ने खिलाड़ी को कुचला, मौत

Sat, 22 Jun 2019 03:28 AM IST
Gaurav sharma न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Gaurav sharma Updated Sat, 22 Jun 2019 03:28 AM IST
विज्ञापन
Roadways bus crushed player in Rohtas, death
विलाप करते परिजन - फोटो : अमर उजाला
 रोहटा में मेरठ-बड़ौत मुख्य मार्ग पर मीरपुर गांव में शुक्रवार को रोडवेज बस ने शूटिंग के खिलाड़ी को कुचल दिया। खिलाड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। घर का इकलौता चिराग बुझने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने मेरठ-बड़ौत मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम कर हंगामा काटा। इस दौरान एक बस में तोड़फोड़ कर आगजनी की कोशिश की गई। पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई कर दी गई। पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार गांव भदौड़ा रोहटा निवासी सिद्धार्थ मलिक (18) पुत्र लोकेंद्र सिंह मेरठ में शूटिंग का प्रशिक्षण ले रहा था। वह रोजाना बस से आना-जाना करता था। शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे वह मीरपुर गांव के स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था। इसी बीच बड़ौत की तरफ से आई मेरठ डिपो की रोडवेज बस ने खिलाड़ी सिद्धार्थ को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक बस को रोहटा थाने के बाहर छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने मेरठ की तरफ से आई दूसरी रोडवेज बस में जमकर तोड़फोड़ कर मेरठ-बड़ौत मार्ग पर सिद्धार्थ का शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर सिद्धार्थ के परिजन भी पहुंच गए। रोहटा थाने के कार्यवाहक एसओ विजय कुमार ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई कर दी।
विज्ञापन


बिलखती हुई मां बोली, मेरा बेटा लौटा दो
सिद्धार्थ परिवार का इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत की खबर पाकर मां रामलेश सदमे में बेहोश हो गईं। उन्हें किसी तरह होश में लाया गया तो विलाप करते हुए बोलीं कि मुझे मेरा बेटा लौटा दो। वहां मौजूद पिता लोकेंद्र सिंह का हाल भी बुरा था। परिजनों का कहना था कि सिद्धार्थ शूटिंग में देश का नाम रोशन करना चाहता था। लेकिन अब सब कुछ चला गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

सड़क हादसे में युवक की मौत, बखेड़ा
कंकरखेड़ा। मेरठ-करनाल हाईवे पर एक वाहन ने साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। विरोध में ग्रामीणों ने शव रखकर करीब दो घंटे तक हाईवे जाम रखा। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया।
पुलिस के अनुसार गांव जंगेठी निवासी दीपक उर्फ रोशन (25) पुत्र राजाराम क्रिकेट बॉल बनाता था। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे दीपक साइकिल से दबथुवा से काम करके लौट रहा था। हाईवे पर जंगेठी गांव के सामने सड़क पार करते समय उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की तो परिजन और ग्रामीण भड़क गए और हाईवे जाम कर दिया। परिजन वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा ने परिजनों को आश्वस्त किया कि आर्थिक मदद करने के साथ ही आरोपी वाहन चालक का पता लगाकर उसे जेल भेजा जाएगा। जिसके बाद जाम खोला गया। इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों ने बताया कि दीपक तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। पिता मजदूरी करता है। घर की आर्थिक स्थिति खराब है। परिजनों ने बताया कि एक साल पूर्व ही दीपक की शादी हुई थी। उसकी पत्नी व परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

वाहनों की लगी कतार, जाम खोलने से इंकार
जाम के चलते मेरठ-बड़ौत मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर कमलेश गोयल और सीओ सरधना पंकज सिंह, सरूरपुर, सरधना और जानी थाने की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाबुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों ने इंकार कर दिया। कहा कि रोडवेज के तहत निजी बस चालक मीरपुर में रोडवेज बस स्टैंड होने के बावजूद बस को रोकते नहीं है जिससे आए दिन बस में बैठने वाले लोगों को भारी परेशानी होती है। रोडवेज बस चालकों की वजह से कई ग्रामीण चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीण रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। एसडीएम ने आरएम से बात करके मीरपुर में बस स्टैंड पर प्रभावी रूप से बसों को रोकने का भरोसा दिलाया। इस आश्वासन पर जाम खुलाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सीओ ने बताया कि सिद्धार्थ के चाचा विकेंद्र मलिक ने बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बस को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।

बस से घिसटकर हुई मौत
जिस जगह हादसा हुआ, वहां पास में कुछ लोग जा रहे थे। जिन्होंने पुलिस को बताया कि खिलाड़ी सिद्धार्थ बस में चढ़ रहा था, तभी चालक ने बस दौड़ा दी। बस से गिरकर खिलाड़ी की मौत हुई है। एसओ रोहटा का कहना है कि बस चालक के पकड़े जाने के बाद ही सही पता चल सकेगा।

 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed