फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Crime ›   CBI questioned MLA's servants in the village

सीबीआई ने गांव में विधायक के नौकरों से की पूछताछ

Sun, 06 May 2018 11:12 PM IST
Updated Sun, 06 May 2018 11:12 PM IST
विज्ञापन
CBI questioned MLA's servants in the village
सीबीआई ने बनाया अस्थायी कार्यालय व बाहर खड़े सीबीआई के वाहन। - फोटो : amarujala
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

उन्नाव। भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर पर लगे किशोरी से दुष्कर्म व किशोरी के पिता की हत्या के आरोपों की जांच में सीबीआई की सक्रियता बरकरार है। रविवार को सीबीआई ने किशोरी की मां के एक बार फिर बयान दर्ज किए। सीबीआई किशोरी को एक बार फिर 164 के बयान के लिए लखनऊ लेकर जाना चाहती थी। किशोरी ने 15 अप्रैल को ही लखनऊ में अपने बयान दर्ज करा देने की बात कही। किशोरी ने एक कागज पर लिखित में दिया कि उसका पूर्व वाला बयान ही है। शाम को एक चार सदस्यीय टीम विधायक के गांव पहुंची। टीम ने विधायक के कुछ नौकरों से अलग-अलग बात की। टिंकू की बरामदगी के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए सीबीआई ने उसकी पत्नी से टिंकू को जल्द बुलाने के लिए कहा। किशोरी के स्कूल की टीसी पर उठ रहे सवालों को सुलझाने के लिए सीबीआई ने रविवार देर शाम किशोरी के रायबरेली निवासी नाना व मामा से अलग-अलग करीब दो घंटे पूछताछ की।
भाजपा विधायक पर लगे आरोपों की जांच कर रही सीबीआई 4 जून 2017 से 9 अप्रैल 2018 के बीच हुए पूरे घटना क्रम, इसमें किशोरी से दुष्कर्म, उसका अपहरण कर गैंगरेप के बाद आगरा में बेचने का प्रयास, किशोरी की मां की ओर से न्यायालय में विधायक पर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए दी गई याचिका, किशोरी के पिता पर याचिका वापस लेने का दबाव बनाने के लिए विधायक पक्ष से किशोरी के चाचा व पिता पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने के आरोप, 3 अप्रैल को मुकदमे की पेशी से गांव जाने पर किशोरी के पिता से मारपीट और 9 अप्रैल को न्यायिक हिरासत में किशोरी के पिता की मौत के घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। शहर में डेरा डाले सीबीआई रविवार दोपहर बाद करीब दो बजे नहर निरीक्षण भवन पहुंची। सीबीआई ने किशोरी की मां के एक बार फिर बयान लिए। सीबीआई के जांच अधिकारी ने घटना की सिलसिलेवार जानकारी लेने के साथ ही करीब 25 सवाल किए। इनका किशोरी की मां ने जवाब दिया। सीबीआई किशोरी को एक बार फिर 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए लखनऊ लेकर जाना चाहती थी। किशोरी ने 15 अप्रैल को दर्ज कराए गए बयान पर ही कायम रहने की लिखित सहमति सीबीआई को दी। शाम करीब पांच बजे सीबीआई की चार सदस्यीय टीम गांव स्थित विधायक के घर पहुंची। यहां विधायक के नौकरों को बुलाकर पूछताछ की।  इसके बाद सीबीआई के दो अधिकारी 3 अप्रैल 2018 को किशोरी के पिता पर मारपीट व आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कराने वाले किशोरी के चचेरे चाचा टिंकू सिंह के घर पहुंचे। यहां टिंकू की पत्नी से उसे जल्द बुलाने के लिए कहा। पुलिस ने किशोरी के पिता के खिलाफ मारपीट व आर्म्स एक्ट का जो मुकदमा दर्ज किया, उसमें टिंकू सिंह वादी है। वह एसआईटी को मुकदमा दर्ज न कराए जाने का बयान दे चुका है। इसके बाद से टिंकू लापता है।
विज्ञापन

पीड़िता की टीसी को लेकर उठ रहे सवालों को सुलझाने के लिए सीबीआई के बुलावे पर रायबरेली जिले के सरेनी थानाक्षेत्र निवासी किशोरी के नाना और मामा शाम करीब चार बजे नहर निरीक्षण भवन पहुंचे। शाम करीब पांच बजे सीबीआई टीम ने इन्हें (नाना-मामा) वहां बुलाया। शनिवार रात से टीम रुकी हुई है। दोनों से करीब दो घंटे तक अलग-अलग पूछताछ की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

इनसेट
हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से पूछताछ
उन्नाव। शुक्रवार रात को सीबीआई ने किशोरी के पिता की हत्या के मामले में जिस युवक को हिरासत में लिया था, उससे लखनऊ में पूछताछ की जा रही है। सीबीआई ने आधिकारिक रूप से युवक को हिरासत में लेने की पुष्टि नहीं की है। सीबीआई ने जिस दूसरे युवक को उठाया था, उसके माध्यम से जमानत पर छूटे दुष्कर्म के आरोपी शुभम सिंह और किशोरी के पिता पर मारपीट व आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कराने वाले टिंकू सिंह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई दोनों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है।

इनसेट
सीबीआई का नया ठिकाना, रेलवे विश्रामालय
उन्नाव। नवाबगंज पक्षी विहार की शहर से करीब बीस किमी दूरी होने से सीबीआई ने शनिवार रात को रेलवे स्टेशन परिसर स्थित अधिकारी विश्रामालय में डेरा डाला है। यहीं पर अस्थाई कार्यालय भी बनाया है। यहां सीबीआई के पांच अधिकारी रुके हैं। जांच की प्रगति रिपोर्ट यहीं से उच्चाधिकारियों को भेजकर निर्देश लिए जा रहे हैं। रविवार देर शाम सीबीआई किशोरी के नाना व मामा को विश्रामालय में लेकर गई। यहां करीब दो घंटे तक पूछताछ की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed