WTC: विलियमसन फाइनल खेलने के लिए बेकरार, बोले- भारत दुनिया की सबसे मजबूत टीम
कीवी कप्तान केन विलियमसन ने फाइनल से ठीक पहले कहा कि खिताबी मुकाबले में हम किस तरह का क्रिकेट खेलेंगे, इस पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं और हम यह भी जानते हैं कि भारत दुनिया भर में काफी मजबूत टीम है। टीम इंडिया के खिलाफ चुनौती काफी कड़ी है।
विस्तार
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से ठीक पहले न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने भारतीय टीम की खूब तारीफ की। उन्होंने गुरुवार को कहा कि भारत दुनिया भर में काफी मजबूत टीम है। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूटीसी के फाइनल में पहुंचना टीम की पिछले दो वर्ष की प्रगति का प्रमाण है लेकिन वह अपनी टीम को जीत का प्रबल दावेदार नहीं मानते हैं। दरअसल, विलियमसन की अगुआई वाली टीम निश्चित रूप से न्यूजीलैंड की अब तक की सबसे मजबूत टीम है और कप्तान ने कहा कि डब्ल्यूटीसी फाइनल पिछले 24 महीनों में की गई उनकी कड़ी मेहनत को आगे बढ़ाने का मौका है। विलियमसन ने फाइनल की पूर्व संध्या पर कहा, 'इस दौरान टीम ने काफी प्रगति की है जिसमें प्रत्येक दिन कई सारी चुनौतियों का सामना किया है लेकिन टीम अब यहां तक पहुंच गई है और अब इसमें भी जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी।'
हम अपनी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे
उन्होंने कहा, 'इतने लंबे समय में काफी कड़ी मेहनत की है, तब यहां डब्ल्यूटीसी फाइनल तक पहुंचे हैं।' उन्होंने कहा, 'यह हम सभी के लिए रोमांचक है और सिर्फ इस लय को जारी रखने पर ध्यान लगा रहे हैं और अपने मैच में अपनी भूमिका के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने की कोशिश करेंगे, जिससे हमें सर्वश्रेष्ठ मौका मिलेगा, बस खिलाड़ी इसी पर ध्यान लगाए हैं। हम लंबे प्रारूप में हर बार सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं।'
भारत दुनिया की सबसे मजबूत टीम
न्यूजीलैंड को आमतौर पर बड़े टूर्नामेंट में छुपेरूस्तम के तौर पर देखा जाता है पर उन्हें शुक्रवार से शुरू होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल में प्रबल दावेदार माना जा रहा है, लेकिन विलियमसन इसे इस तरीके से नहीं देखते। उन्होंने कहा, 'पहले तो हम मैच में खेलने के लिए बेकरार हैं, इसके लिए काफी समय हो गया। जहां तक प्रबल दावेदार के टैग की बात हैं तो हम किस तरह का क्रिकेट खेलेंगे, इस पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं और हम यह भी जानते हैं कि भारत दुनिया भर में काफी मजबूत टीम है।' विलियमसन ने कहा, 'उन्हें सर्वश्रेष्ठ टीम कहा जाता है। हम जानते हैं कि इस भारतीय टीम के खिलाफ चुनौती काफी कड़ी है।'