विश्व कप से पहले विकल्पों की परख, पहले अभ्यास मैच में आज न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरेगी विराट ब्रिगेड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपना तीसरा विश्व कप जीतने का मिशन लेकर इंग्लैंड पहुंची भारतीय टीम शनिवार को अपने पहले अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरेगी। मकसद जल्द से जल्द परिस्थितियों के अनुरूप ढलने का होगा।
भारतीय टीम के लिए बल्लेबाजी में चौथा क्रम महत्वपूर्ण है और केनिंगटन ओवल में होने वाले इस मैच में उत्सुकता इस बात को लेकर रहेगी कि इस क्रम पर लोकेश राहुल या विजय शंकर में से किसे आजमाया जाता है। भारत का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है और इसमें किसी प्रयोग की गुंजाइश कम ही नजर आती है।
भारतीय टीम 1983 और 2011 में आईसीसी विश्व कप जीत चुकी है और इस बार उसकी गिनती मेजबान इंग्लैंड और गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के साथ प्रबल दावेदारों में की जा रही है।
विराट कोहली की अगुआई में भारतीय टीम पांच जून को साउथम्पटन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। प्रतिद्वंद्वी टीमों की निगाहें हालांकि भारतीय कप्तान पर टिकी होंगी जो 50 ओवर के क्रिकेट के अलावा टेस्ट क्रिकेट में भी नंबर एक बल्लेबाज हैं।
पेस बैटरी पर लगी हैं निगाह
4-1 से जीती थी भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घर में पिछली वनडे सीरीज
कुल मैच : 106
भारत जीत : 55
न्यूजीलैंड जीत : 45
टाई : 01
बेनतीजा : 05
भारत का शीर्ष क्रम मजबूत
सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित शर्मा और शिखर धवन के बाद तीसरे नंबर पर विराट कोहली की मौजूदगी से शीर्ष तीन के हिसाब से भारत दुनिया में सबसे मजबूत टीम है। अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी, ऑलराउंडर केदार जाधव और हार्दिक पंड्या की मौजूदगी से लाइन अप में गहराई मौजूद है।
पेस बैटरी पर लगी हैं निगाह
इस विश्व कप में प्रतिद्वंद्वी टीमों की निगाहें भारत के तेज गेंदबाजों पर भी लगी होंगी कि वे परिस्थितियों का कैसे फायदा उठाते हैं जो टूर्नामेंट में काफी अहम कारक होगा। दुनिया के शीर्ष रैंकिंग पर काबिज वनडे गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व करेंगे जिसमें मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक शामिल हैं। कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की मौजूदगी से भारतीय आक्रमण में विविधता आती है तथा आगामी हफ्तों में वे प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
रोहित का है खास प्लान
मेरी अपनी योजना होती है। मैंने जो भी दोहरे शतक बनाए हैं तो आप देखें कि पहले दस रन या 50 रन के लिए मैंने कितनी गेंदें खेलीं लेकिन फिर भी मैं बड़ा स्कोर कर पाया। मैं कुछ खास तरीकों पर काम करता हूं और मेरे लिए वो चीजें क्लिक करती हैं। अलबत्ता जब आप 350 या 370 रन का पीछा करते हो तो आपको बल्लेबाजी में गियर बदलने पड़ते हैं।-रोहित शर्मा, भारतीय ओपनर
तीन माह बाद वनडे खेलेगी न्यूजीलैंड
हाल के वर्षों में वनडे के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार रॉस टेलर ने कहा था कि अच्छा है कि न्यूजीलैंड की टीम अपने अभ्यास मैच में भारत से खेल रही है। कोहली ने अपनी टीम की काबिलियत पर भरोसा जताया था जबकि न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में टीम का एकजुट होना अच्छा है। हम कई महीनों से एक-साथ नहीं खेले थे लेकिन ऐसा सिर्फ हमारे साथ ही नहीं है। न्यूजीलैंड ने अपना अंतिम वनडे 19 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेला था।
टीम इस प्रकार है :
भारत : विराट कोहली (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, शिखर धवन, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पंड्या, लोकेश राहुल, मोहम्मद शमी, विजय शंकर, रोहित शर्मा, कुलदीप यादव।
न्यूजीलैंड : केन विलियमसन (कप्तान), टाम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ट्रेंट बोल्ट, कोलिन डि ग्रैंडहोम, लोकी फर्ग्यूसन, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम (विकेटकीपर), कोलिन मुनरो, जिम्मी नीशाम, हेनरी निकोल्स, मिशेल सैंटनर, ईश सोढी, टिम साउदी, रॉस टेलर।
प्रसारण : दोपहर 3.00 बजे से