World Cup 2019: टॉस के वक्त बारिश बिगाड़ सकती है खेल, मैनचेस्टर में कैसा है आज मौसम
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर विश्व कप 2019 का पहला सेमीफाइनल मंगलवार को खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले में बारिश मजा किरकिरा कर सकती है। इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच लीग राउंड का मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया था।
कैसा है मैनचेस्टर का मौसम और क्या हो पााएगा पूरे ओवर का खेल, आइए जानते हैं।
टॉस के वक्त हो सकती है बारिश
एक्यूवेदर डॉट कॉम के मुताबिक, मैनचेस्टर में अगले दो दिन बारिश की आशंका है। वहां 9 और 10 जुलाई को दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही, रुक-रुककर हल्की बारिश भी हो सकती है। इंग्लैंड में खेले जा रहे वर्ल्ड कप में स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे यानी टॉस के वक्त मंगलवार को वहां बारिश होने की 40 फीसदी आशंका है।
बारिश की वजह से टॉस में देरी हो सकती है और खेल देरी से शुरू होने की संभावना है। यदि आज बारिश खेल में बाधा डालती है, तो आईसीसी ने सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे रखा है। यानी बारिश ने खेल बिगाड़ा तो बुधवार को मैच खेला जाएगा।
इस टूर्नामेंट में ओल्ड ट्रेफर्ड के मैदान पर 5 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीता है। सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच और टूर्नामेंट के रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए दोनों ही कप्तान टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना चाहेंगे। पहले सेमीफाइनल मैच में टॉस को सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है।