'किंग ऑफ स्विंग' को नहीं भाये बुमराह और शमी, सिर्फ इस भारतीय गेंदबाज से हैं प्रभावित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्विंग के सुल्तान वसीम अकरम टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों से काफी प्रभावित हैं। हालांकि टीम के युवा गेंदबाजों में उन्हें कुछ कमियां भी नजर आती हैं। अगर ये गेंदबाज अपनी गेंदबाजी पर थोड़ा और काम करें तो इंग्लैंड में खेली जाने वाली सीरीज में कोहराम मचा सकते हैं।
वसीम अकरम ने कहा बेशक टीम इंडिया के तेज गेंदबाज इन दिनों अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों, लेकिन उनमें वो जज्बा और जुनून नहीं दिखाई देता जो मैदान पर एक तेज गेंदबाज में होना चाहिए। तेज गेंदबाज होने के नाते उन्हें इस तरह की गेंदबाजी करनी चाहिए, जिससे बल्लेबाज को गल्ती करने के लिए आमंत्रित किया जा सके।
वहीं शमी के घुटने की चोट पर बोलते हुए अकरम ने कहा, 'उन्हें अपने शरीर के निचले हिस्से पर ध्यान देना चाहिए। इस तरह की इंजरी एक तेज गेंदबाज के लिए काफी घातक हो सकती है। ऐसी ही एक इंजरी शॉएब अख्तर के करियर पर हावी हो गई थी।'
इससे पहले माइकल होल्डिंग ने जसप्रीत बुमराह के गेंदबाजी एक्शन पर निशाना साधते हुए कहा था कि इस तरह के एक्शन के साथ यह खिलाड़ी इंग्लैंड में ज्यादा सफल नहीं होगा। इससे इत्तेफाक रखते हुए वसीम अकरम ने कहा,'मै होल्डिंग की राय से पूरी तरह सहमत हूं। लेकिन ऐसा नहीं है कि बुमराह इस पर काम नहीं कर सकते। अगर वह चाहें तो इसी एक्शन के साथ इंग्लैंड की सरजमीं पर तहलका मचा सकते हैं।'
वहीं टीम इंडिया के स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार से वसीम अकरम काफी प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा, 'मौजूदा समय में टीम इंडिया के पास भुवनेश्वर कुमार जैसा शानदार विकल्प मौजूद है, जो किसी भी कंडीशन में टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर अपनी सोची समझी रणनीति के तहत गेंदबाजी करते हुए दुनिया के किसी भी बल्लेबाज को चकमा दे सकता है।'