टीम बदलते ही चला सहवाग का बल्ला, पर शतक से चूक गए
टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर रहे वीरेंद्र सहवाग ने लंबे समय तक रणजी क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलने के बाद इस बार एक नई टीम का दामन थाम लिया। उनका यह फैसला सही होता दिखाई दे रहा है।
आज एक अक्टूबर से भारतीय क्रिकेट की प्रतिषि्ठत टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी शुरू हो गई। आज से रणजी के मुकाबले शुरू हो गए। सहवाग की टीम हरियाणा का मुकाबला पुणे में महाराष्ट्र के साथ खेला जा रहा है जहां पहले बल्लेबाजी करते हुए वीरू की टीम ने शानदार शुरुआत की है।
इसके अलावा मुरादाबाद में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच मैच खेला जा रहा है। जबकि दिल्ली का मुकाबला जयपुर में राजस्थान के बीच चल रहा है। दिल्ली की टीम पहली पारी बुरी तरह से नाकाम हो गई। नाकामी सिर्फ दिल्ली को ही नहीं मिली, दिल्ली में खेले जा रहे एक अन्य मुकाबले में झारखंड की टीम महज 45 रन बनाकर आउट हो गई।
पुणे में खेले जा रहे मैच में हरियाणा ने महाराष्ट्र के खिलाफ दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 303 रन बना लिए हैं। उसकी ओर से वीरेंद्र सहवाग के शतक से चूकने के बाद हिमांशु राणा ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए टीम को बड़े स्कोर की ओर बढ़ा दिया है।
सहवाग जब तक क्रीज पर रहे स्टेडियम में रही काफी भीड़
पुणे में खेले जा रहे मैच के पहले दिन हरियाणा ने महाराष्ट्र के खिलाफ 6 विकेट पर 245 रन बना लिए। उसकी ओर से वीरेंद्र सहवाग (92) के शतक से चूकने के बाद हिमांशु राणा (नाबाद 138) ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए टीम को बड़े स्कोर की ओर बढ़ा दिया है। पहली बार हरियाणा के लिए खेल रहे सहवाग ने गजब की बल्लेबाजी और 92 रन बनाए। हालांकि वह अपने शतक से महज 8 रन से चूक गए।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सहवाग ने अपनी पारी में 15 चौके भी लगाए। सहवाग जब तक बल्लेबाजी कर रहे थे स्टेडियम में काफी भीड़ थी लेकिन उनके आउट होते ही दर्शक मैदान से बाहर जाने लगे। उनके शतक से चूकने के बाद हिमांशु ने शतक जमा दिया।
मुरादाबाद में यूपी और एमपी के बीच खेले जा रहे मैच में मेजबान यूपी ने 2 विकेट पर 260 रन बना लिए हैं। ओपनर तन्मय श्रीवास्तव ने 75 रनों का योगदान दिया जबकि दूसरे ओपनर अल्मस शौकत ने शानदार शतक लगा दिया और 110 रन पर खेल रहे हैं।
दिल्ली में झारखंड की टीम सेना के खिलाफ सिर्फ 45 रन पर आउट हो गई। दिवेश पठानिया की शानदार गेंदबाजी के आगे टीम ठहर नहीं सकी। उन्होंने 17 ओवर में 9 मेडन के साथ 19 रन देकर 6 विकेट झटके। हालांकि इसके बाद सेना की भी पारी लड़खड़ाती रही और टीम 9 विकेट पर 131 रन ही बना पाई।
जयपुर में गौतम गंभीर की अगुवाई वाली दिल्ली की टीम राजस्थान के खिलाफ सिर्फ 138 रन पर सिमट गई। राजस्थान की ओर से दीपक चाहर ने 60 रन देकर 5 विकेट झटके। खुद कप्तान गंभीर 24 रन बनाकर आउट हो गए। जवाब में राजस्थान ने पहले दिन का खेल खत्म होने के समय 3 विकेट पर 74 रन बना लिए थे।
मोहाली में युवराज सिंह की कप्तानी में पंजाब की टीम ने रेलवे के खिलाफ गजब की शुरुआत की और पहले दिन 2 विकेट पर 235 रन बना लिए। पिछले दिनों अपनी कप्तानी में अफ्रीकी टीम को हराने वाले मनदीप सिंह ने शानदार पारी खेली और दिन का खेल खत्म होने से पहले शतक ठोंक दिया। साथी खिलाड़ी उदय कौल 92 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 182 रनों की अटूट साझेदारी हो चुकी है।