केरल: आदिवासी युवक की हत्या पर ट्वीट कर पछताए सहवाग, मांगी माफी
टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने शनिवार को अपने विवादास्पद ट्वीट को लेकर माफी मांगी। गौरतलब है कि शुक्रवार को सहवाग ने केरल में आदिवासी युवक की हत्या को लेकर विशेष समुदाय के तीन लोगों पर निशाना साधा था। जबकि आदिवासी की हत्या करने वाली भीड़ में अन्य धर्म व समुदाय के लोग भी शामिल थे। इसके बाद ट्विटर पर लोगों ने सहवाग पर जमकर अपना गुस्सा निकाला।
लोगों ने सहवाग पर आरोप लगाया कि वह इस घटना को धार्मिक रंग देकर राजनीतिक फायदा उठाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि इस मामले के कुछ घंटे बाद ही सहवाग ने ट्विटर पर फैंस से माफी मांग ली है। बता दें कि आदिवासी व्यक्ति मधु गांव के पास ही जंगल में रहता था। गुरुवार को कुछ लोगों ने उसे एक किलो चावल चुराने के आरोप में पीट-पीट कर मार डाला था।
इस मामले में सहवाग ने गलती मानते हुए लिखा, 'गलती को गलती न मानना दूसरी बड़ी गलती है। मैं माफी चाहूंगा कि मुझसे और लोगों के नाम अधूरी जानकारी की वजह से छूट गए। मैं इसके लिए तहेदिल से माफी मांगता हूं, लेकिन मेरा ट्वीट किसी भी तरह से सांप्रदायिक नहीं था। हत्यारे धार्मिक रूप से अलग भले हों लेकिन हिंसक मानसिकता की वजह से वे एक हैं।'
इससे पहले सहवाग ने जो ट्वीट किया था उसमें लिखा था कि यह सभ्य समाज के लिए कलंक की तरह है। उन्होंने ट्वीट पर तीन आरोपियों के नाम भी लिखे जो मुस्लिम हैं। यह व्यापक रूप से मुसलमानों द्वारा एक हिन्दू की हत्या का मामला लगा। आठ घंटे के अंदर सहवाग के ट्वीट पर तीन हजार लोगों ने जवाब दिया।