{"_id":"6368a3472bb7177db878279d","slug":"virat-kohli-remembered-ms-dhoni-again-mentioned-mahi-s-message-during-bad-times-t20-world-cup-2022","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Virat Kohli: कोहली को फिर आई धोनी की याद, बुरे वक्त के दौरान माही के मैसेज का जिक्र किया, कही यह बात","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
Virat Kohli: कोहली को फिर आई धोनी की याद, बुरे वक्त के दौरान माही के मैसेज का जिक्र किया, कही यह बात
Mon, 07 Nov 2022 11:48 AM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मेलबर्न
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मेलबर्न
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Mon, 07 Nov 2022 11:48 AM IST
सार
कोहली ने यह भी बताया था कि भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने उनमें हिम्मत डालने के लिए मैसेज भी किया था। कोहली ने बताया था कि इस साल टेस्ट की कप्तानी छोड़ने के बाद सिर्फ धोनी ही ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने उन्हें मैसेज किया था।
विज्ञापन
विराट कोहली और धोनी
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने इस टी20 वर्ल्ड कप में कहर बरपाया है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक कई शानदार पारियां खेली हैं और अपने दम पर मैच जिताए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने नाबाद 82 रन की पारी खेल अपनी टीम को चैंपियन बनाया था। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ भी मुश्किल वक्त में रन बनाए।
विज्ञापन
Trending Videos
इस वर्ल्ड कप में कोहली फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। अब तक वह पांच मैचों में तीन अर्धशतक की मदद से और 138.98 के स्ट्राइक रेट से 246 रन बनाए हैं। भारत को अगर टी20 विश्व कप जीतना है तो सेमीफाइनल और फाइनल में भी कोहली का फॉर्म अहम होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
हालांकि, कोहली के लिए पिछला कुछ वक्त आसान नहीं रहा है। नवंबर 2019 के बाद से वह शतक के लिए जूझ रहे थे। 2019 के बाद साल 2020, 2021 और 2022 के मिड सीजन तक कोहली फॉर्म के लिए जूझते रहे। उनकी आलोचना हुई और कई पूर्व खिलाड़ियों ने तो उनको टीम से बाहर करने की मांग तक कर डाली। हालांकि, इस साल एशिया कप टी20 में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगाकर कोहली ने फॉर्म में वापसी की और अब वह लगातार अपनी पारी से टीम इंडिया को जीत दिला रहे हैं।
खराब फॉर्म की वजह से कोहली कई अंतरराष्ट्रीय दौरे से गायब रहे और ब्रेक लिया था। एशिया कप में वापसी के बाद उन्होंने बताया था कि ब्रेक के दौरान उन्होंने बिल्कुल भी बल्ले को हाथ नहीं लगाया। साथ ही मेंटल हेल्थ को लेकर भी बात की थी। साथ ही कोहली ने यह भी बताया था कि भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने उनमें हिम्मत डालने के लिए मैसेज भी किया था। कोहली ने बताया था कि इस साल टेस्ट की कप्तानी छोड़ने के बाद सिर्फ धोनी ही ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने उन्हें मैसेज किया था। अब कोहली ने एकबार फिर धोनी को याद किया है और बताया है कि धोनी द्वारा वह मैसेज क्या था।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए पॉडकास्ट रिकॉर्ड करने के दौरान कोहली ने बताया है कि धोनी ने उन्हें क्या मैसेज भेजा था। कोहली ने कहा- एकमात्र व्यक्ति जिसने मुझसे बात की वह धोनी ही थे। मेरे लिए यह जानना वाकई वरदान है कि मेरा किसी ऐसे व्यक्ति के साथ इतना मजबूत बंधन और रिश्ता हो सकता है जो मुझसे काफी सीनियर है। यह बहुत अधिक सम्मान पर आधारित दोस्ती की तरह है और इसका जिक्र उन्होंने अपने मैसेज में किया था। धोनी ने लिखा था- जब आपसे मजबूत होने की उम्मीद की जाती है और आपको एक मजबूत व्यक्ति के रूप में देखा जाता है, तो लोग आपसे यह पूछना भूल जाते हैं कि यह आप कैसे कर रहे हैं।
कोहली ने कहा- इसने मुझे अंदर तक झकझोर कर रख दिया। मैंने सोचा बस यही बात है। मुझे हमेशा एक ऐसे व्यक्ति के रूप में देखा गया है जो बहुत आत्मविश्वासी है, मानसिक रूप से बहुत मजबूत है, जो किसी भी स्थिति और परिस्थिति को सह सकता है, रास्ता खोज सकता है और हमें रास्ता दिखा सकता है। कभी-कभी, आप महसूस करते हैं कि आपको वास्तव में कुछ कदम पीछे हटने और यह समझने की आवश्यकता होती है कि आप यह कैसे कर रहे हैं, आपकी भलाई किसमें है?
टी20 वर्ल्ड कप में कोहली के प्रदर्शन की हर कोई तारीफ कर रहा है। कई पूर्व क्रिकेटरों ने कहा है कि भारत को वर्ल्ड कप जीतने के लिए कोहली के फॉर्म की आवश्यकता होगी। भारत का अगला मुकाबला 10 नवंबर को सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ है। वहीं, एक और सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से नौ नवंबर को सिडनी में होगा। 13 नवंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में फाइनल खेला जाना है।