टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वन-डे में करियर का 41वां शतक लगाया। इस शतक के साथ ही उन्होंने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। आइए जानते हैं वो रिकॉर्ड्सः
ऑस्ट्रेलिया के 314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 48.2 ओवर में 281 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम इंडिया की तरफ से कप्तान विराट कोहली ने 95 गेंदों में 16 चौके और एक छक्के की मदद से 123 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
'गॉड ऑफ क्रिकेट' माने जाने वाले भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वड़ोदरा में 31 जनवरी 2007 को 369 पारियों में 41वां शतक पूरा किया था। वहीं, मौजूदा कप्तान विराट कोहली ने केवल 217 पारियों में ही वन-डे करियर का 41वां शतक पूरा कर लिया।
भारतीय कप्तान विराट कोहली एकमात्र ऐसे खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने चार अलग-अलग देशों के खिलाफ सात से ज्यादा शतक लगाए हैं। विराट ने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ 8-8 शतक लगाए हैं, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ उनके बल्ले से 7 शतक निकले हैं।
तीसरे वन-डे में विराट कोहली ने एक खास कीर्तिमान भी अपने नाम किया। दरअसल, विराट कोहली बतौर कप्तान सबसे तेज 4000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने सिर्फ 63 मैचों में यह कारनामा कर दिखाया है।