टीम इंडिया हैदराबाद टेस्ट में बनाएगी पांच रिकॉर्ड्स! एक तो बेहद शर्मनाक
भारतीय खिलाड़ियों के पास वेस्टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाले दूसरे व अंतिम टेस्ट में कई उपलब्धियां हासिल करने का सुनहरा मौका है। टीम इंडिया ने राजकोट में खेला गया पहला टेस्ट पारी और 272 रन के अंतर से जीता था, जो टेस्ट इतिहास में उसकी सबसे बड़ी जीत भी है। इस दौरान कई रिकॉर्ड्स भी बने:
पृथ्वी शॉ डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले भारत के सबसे युवा बल्लेबाज बने। इसके अलावा कुलदीप यादव क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में पांच विकेट लेने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज बने। कप्तान विराट कोहली सबसे कम पारियों में 24 टेस्ट शतक लगाने वाले विश्व के दूसरे बल्लेबाज बने। अब हैदराबाद में सीरीज का दूसरा व अंतिम टेस्ट खेला जाना है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों के पास एक बार फिर कई उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका है।
सचिन तेंदुलकर का एक और रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब विराट
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली अगर हैदराबाद में शतक जमाने में कामयाब होते हैं तो डॉन ब्रैडमैन के बाद सबसे तेज 25 टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज ने केवल 68 पारियों में ही 25 शतक पूरे कर लिए थे।
दूसरे नंबर पर सबसे तेज 25 टेस्ट पूरे करने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। मास्टर ब्लास्टर ने 130 पारियों में इसे पूरा किया था। कोहली ने सिर्फ 123 पारियों में 24 शतक पूरे किए हैं, उनके पास तेंदुलकर को पीछे छोड़ने के लिए सात पारियां बची हैं।
सौरव गांगुली और अजहरुद्दीन के खास क्लब में शामिल होना चाहेंगे पृथ्वी
पृथ्वी शॉ ने राजकोट टेस्ट में शतक जमाते ही एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह टेस्ट डेब्यू में शतक जमाने वाले भारत के सबसे युवा बल्लेबाज बने। शॉ के पास अब हैदराबाद में शतक जमाते ही एक और रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है।
अगर हैदराबाद में शॉ सैकड़ा पूरा करने में सफल हुए तो पूर्व कप्तानों मोहम्मद अजहरुद्दीन और सौरव गांगुली के खास क्लब में शामिल हो जाएंगे। गांगुली और अजहरुद्दीन दोनों ही लगातार दो टेस्ट में शतक जड़ने का कारनामा कर चुके हैं।
कुलदीप लगाएंगे विकटों का शतक
चाइनामैन को 100 अंतर्राष्ट्रीय विकेट पूरे करने के लिए तीन विकेट की दरकार है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले साल टेस्ट डेब्यू करने वाले कुलदीप यादव ने 45 अंतर्राष्ट्रीय मैच में कुल 97 विकेट अपने नाम किए हैं।
चाइनामैन ने 4 टेस्ट में 15, 29 वन-डे में 58 और 12 टी20 इंटरनेशनल में 24 विकेट झटके हैं। 23 वर्षीय कुलदीप यादव ने इंग्लैंड दौरे से लेकर एशिया कप तक 16 विकेट लिए हैं। अगर वह विकटों को शतक पूरा करने में सफल होते हैं तो सबसे जल्दी इस उपलब्धि को हासिल करने वाले गेंदबाज बन सकते हैं।
रविचंद्रन अश्विन को एक और मैन ऑफ द सीरीज अवॉर्ड की दरकार
रविचंद्रन अश्विन सबसे जल्दी सात मैन ऑफ द सीरीज अवॉर्ड हासिल करने वाले क्रिकेटर बन सकते हैं। 23 सीरीज में अश्विन ने सात बार मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीता है। सबसे तेज 7 मैन ऑफ द सीरीज खिताब हासिल करने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान के नाम दर्ज है, जिन्होंने 28 सीरीज में यह उपलब्धि हासिल की थी।
शर्मनाक रिकॉर्ड से बचना चाहेंगे राहुल
भारतीय ओपनर लोकेश राहुल को शून्य पर आउट होने से बचना होगा नहीं तो उनके नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। राहुल इस साल एक से तीसरे क्रम तक बल्लेबाजी करने के दौरान तीन बार शून्य पर आउट हो गए हैं। वह एक बार और बिना खाता खोले पवेलियन लौटे तो शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
एक साल में चार बार टेस्ट में शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे केएल राहुल। बता दें कि राहुल जोहानसबर्ग, साउथैम्प्टन और राजकोट में बिना खाता खोले आउट हो चुके हैं।