पवन नेगी से भी 'हारे' युवराज, मोहित और प्रवीण भी महंगे बिके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल-9 की यह नीलामी कई उभरते भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद शानदार रही लेकिन धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह को इससे तगड़ा झटका लगा है और वह नवोदित क्रिकेट पवन नेगी (फोटो) से भी सस्ते में बिके।
बंगलुरू में हुई नीलामी में सबसे पहली बोली इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन की लगी जिसे पुणे सुपरजाइंटस ने खरीदा। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वाटसन (9.5 करोड़ रुपए) सबसे महंगे खिलाड़ी बनकर उभरे तो उनके बाद अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच का इंतजार कर रहे पवन नेगी अनुभवी युवराज को भी पीछे छोड़ते हुए दूसरे नंबर के महंगे खिलाड़ी बन गए।
दिल्ली के नेगी इस नीलामी में भारत के सबसे महंगे खिलाड़ी बने और उन्हें 8.5 करोड़ में दिल्ली डेयरडेविल्स ने खरीदा। दिल्ली ने ही क्रिस मौरिस को 7 करोड़ में लिया जो तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। चौथे महंगे खिलाड़ी पंजाब किंग्स इलेवन की टीम से जुड़ने वाले तेज गेंदबाज मोहित शर्मा (6.5 करोड़) रहे जो इस नीलामी के भारत के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में उभरे।
ऐसे में जहां कई खिलाड़ियों को नीलामी में झटका लगा तो वहीं तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार की लॉटरी ही लग गई। सुरेश रैना की अगुवाई वाली टीम गुजरात ने 3.5 करोड़ में बोली लगाते हुए उन पर बड़ा दांव लगाया।
दूसरी ओर, 18 साल के बल्लेबाज रिषभ पंत जिन्होंने आज बांग्लादेश में खेले जा रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में शतकीय पारी खेली और पिछले दिनों सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड भी बनाया था ने अपनी नीलामी से सभी को चौंका दिया। 10 लाख की बेस प्राइज वाले इस युवा को 40 गुना ज्यादा की कीमत पर दिल्ली डेयरडेविल्स ने 1.9 करोड़ रुपए में खरीदा।
पिछली बार से आधे दाम में बिेके युवराज सिंह
दो साल के लंबे इंतजार के बाद इस साल टीम इंडिया की टी-20 में लौटने वाले धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह की बोली पर सभी की निगाहें थी लेकिन इस बार उन्हें झटका लगा था। मुंबई इंडियंस ने उन्हें लेने की शुरुआत की और खरीदा सनराइजर्स हैदराबाद ने। हैदराबाद ने उनके लिए 7 करोड़ रुपए खर्च किए।
मार्की खिलाड़ियों में शामिल 'सिक्सर किंग' युवराज का आधार मूल्य दो करोड़ रुपए रखा गया था। पिछले दो सीजनों में युवी पर सर्वाधिक बोली लगी थी जब वह क्रमश: रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू और दिल्ली डेयरडेविल्स से खेले थे। ‘मिलियन डॉलर बेबी’ युवराज पर पिछले साल दिल्ली डेयरडेविल्स ने सर्वाधिक 16 करोड़ रुपए खर्च किए थे लेकिन एक साल में ही उन्हें रिलीज कर दिया और इस बार वह बतौर मार्की खिलाड़ी नीलामी में उतरे।
युवराज की तरह 4 साल बाद टीम इंडिया में लौटे तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को भी हैदराबाद की टीम ने खरीदा। दो करोड़ रुपए की बेस प्राइस वाले नेहरा को 5.5 करोड़ में खरीदा गया। शेन वाटसन को रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) ने खरीदा, इसके लिए उन्होंने 9.5 करोड़ रुपए खर्च किए। उनके लिए आरसीबी, पुणे और मुंबई इंडियंस के बीच कांटे की टक्कर दिखी लेकिन बाजी विराट कोहली की टीम के हाथ लगी।
प्रवीण की लगी लॉटरी, बरिंदर सरां भी बने करोड़पति
बल्लेबाज मनोज तिवारी और तेज गेंदबाज अशोक डिंडा इस बार नहीं खरीदे गए तो ऑलराउंडर इरफान पठान को उनके बेस प्राइज पर ही पुणे की टीम ने खरीद लिया। उनकी शुरुआती बोली थी एक करोड़ रुपए। वहीं रवि बोपारा और दिलशान तिलकरत्ने जैसे अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज को भी किसी ने नहीं लिया। कैरेबियाई ऑलराउंडर डेरेन सैमी भी नहीं बिके।
हालांकि तेज गेंदबाज क्रिस मौरिस बेहद लकी रहे क्योंकि उनका बेस प्राइस 50 लाख था और दिल्ली डेयरडेविल्स ने कड़ी टक्कर देते हुए 7 करोड़ में खरीद लिया। धोनी के साथ चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा रहे तेज गेंदबाज मोहित शर्मा इस बार 6.5 करोड़ में बिके हैं। उन्हें पंजाब की टीम ने खरीदा।
भारतीय ऑलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी को उनके ही बेस प्राइस (2 करोड़) पर रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू (आरसीबी) ने खरीद लिया। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मॉर्श को पुणे सुपरजाइंटस ने 4.8 करोड़ में लिया। भारतीय तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी 2 करोड़ में गुजरात टीम से जुड़े जो उनका बेस प्राइज था।
दिलचस्प नीलामी तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार की रही जिन्हें गुजरात लायंस ने 3.5 करोड़ में खरीदा। इस टीम के कप्तान सुरेश रैना हैं और दोनों ही यूपी से खेलते हैं। प्रवीण का बेस प्राइज सिर्फ 50 लाख था। किवी तेज गेंदबाज टिम साउदी (बेस प्राइज 1 करोड़) को मुंबई इंडियंस ने 2.5 करोड़ में खरीदा।
पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय करियर शुरू करने वाले तेज गेंदबाज बरिंदर सरां को हैदराबाद की टीम ने 1.2 करोड़ में लिया जबकि उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए रखा गया था। कायली एबॉट को पंजाब किंग्स इलेवन ने 2.1 करोड़ में लिया। बांग्लादेश टीम की नई सनसनी मुस्ताफिजुर रहमान को हैदराबाद ने 1.4 करोड़ में लिया।
सवा चार करोड़ में बिके युवा बल्लेबाज संजू सैमसन
ऐसा नहीं है कि सिर्फ न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल और कंगारू बल्लेबाज ऐरोन फिंच जैसे बड़े नामों को किसी ने नहीं खरीदा। कुछ और भी बड़े नाम हैं जो फ्रेंचाइजी टीम को लुभाने में नाकाम रहे।
दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज हाशिम अमला और रेली रोसोउ, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों माइस हसी, जॉर्ज बैली और उस्मान ख्वाजा के अलावा भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा, महेला जयवर्धने और एस बद्रीनाथ को भी किसी ने नहीं खरीदा। खवाजा और माइक ने ऑस्ट्रेलियाई बिग-बैश टी-20 लीग में लगातार रन बनाए थे।
युवा बल्लेबाज संजू सैमसन जिनका बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए था उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स ने 4.2 करोड़ में खरीदा। उन्हें लेने की शुरुआत गुजरात लायंस ने की, लेकिन दिल्ली ने ज्यादा पैसे देकर खरीद लिया।
पिछली बार 10.5 करोड़ में बिकने वाले दिनेश कार्तिक इस बार सिर्फ 2.3 करोड़ में ही बिक सके और उन्हें खरीदा है गुजरात लायंस ने। इंग्लैंड के बल्लेबाज जोस बटलर को मुंबई इंडियंस ने 3.8 करोड़ में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया।
दूसरी बोली में गुजरात ने खरीदा ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन आज की नीलामी के पहले खिलाड़ी रहे जिन्हें पुणे सुपरजाइंटस ने 3.5 करोड़ में खरीदा। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए था और इसमें सिर्फ डेढ़ करोड़ ही और जोड़ पाए।
कैरेबियाई ऑलराउंडर ड्वेन स्मिथ जिनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए था और उन्हें गुजरात लायंस की टीम ने 2.3 करोड़ रुपए में लिया। दो विदेशी खिलाड़ियों की बोली लगने के बाद भारतीय तेज गेंदबाज इशांत शर्मा का नंबर आया और पंजाब किंग्स इलेवन ने उन्हें लेने की शुरुआत की लेकिन खरीदा पुणे की टीम ने। इशांत पर 3.8 करोड़ की बोली लगी।
न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल जो इस समय बेहद शानदार फॉर्म में हैं को इस नीलामी में किसी ने नहीं खरीदा है। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए था लेकिन किसी ने उन्हें नहीं लिया। ऑस्ट्रेलिया के टी-20 बल्लेबाज ऐरोन फिंच को भी किसी ने नहीं खरीदा। जबकि उनका बेस प्राइज एक करोड़ रुपए रखा गया था।
फिंच को टी-20 का बेजोड़ बल्लेबाज माना जाता है लेकिन यहां उन्हें निराशा हाथ लगी। फिंच को भारत के खिलाफ हाल में खेली गई टी-20 सीरीज के लिए कप्तान चुना गया था। उनकी पहले दौर में बोली नहीं लगी थी लेकिन दूसरे दौर में गुजरात लायंस ने उन्हें एक करोड़ रुपए के बेसप्राइज पर खरीद लिया।