24 साल बाद टीम इंडिया ने इंग्लैंड में जीती वनडे सीरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बर्मिंघम में खेले गए वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में टीम इंडिया के ओपनर्स भी फॉर्म में लौट आए, और पहले विकेट के लिए 183 रनों की साझेदारी कर डाली, जिसके दम पर भारत ने मैच बेहद आसानी से जीत लिया।
स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
वर्ल्ड चैंपियन भारत ने 207 रनों के आसान लक्ष्य को 30.3 ओवर में ही एक विकेट खोकर 212 रन बनाते हुए हासिल कर लिया। टीम इंडिया के लिए अजिंक्य रहाणे ने सबसे ज्यादा 106 रन बनाए। रहाणे की तरह छक्का मारकर अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद शिखर धवन (नाबाद 97) ने छक्का मारकर अपनी टीम को जीत दिलाई। भारत ने इस मैच को 117 गेंद शेष रहते 9 विकेट से जीत लिया। हालांकि धवन अपने शतक से सिर्फ 3 रन दूर रह गए।
इससे पहले, पिछले 2 मैचों की तरह आज के मैच में भी इंग्लैंड की टीम 50 ओवर से पहले ही ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की पूरी टीम 49.3 ओवर में 206 रन बनाकर आउट हो गई। मोइन अली (67 रन, 50 गेंद, 4 चौका और 3 छक्का) ने इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी पारी खेली, जबकि जोई रुट ने 44 रन बनाए।
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने 24 साल बाद इंग्लैंड में कोई वनडे सीरीज जीती है।
भारत की ओर से तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने बेहद कीफायती गेंदबाजी की और उन्होंने 8 ओवर में 3 मेडन डालकर 14 रन देते हुए 2 विकेट झटके। भुवी के अलावा मोहम्मद शमी ने 28 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि रवींद्र जडेजा ने 2 और आर अश्विन और सुरेश रैना को 1-1 सफलता मिली।
इंग्लैंड दौरे में पहली बार हिट रही ओपनिंग जोड़ी
साथ ही भारत की ओर से इस दौरे में यह पहली ओपनिंग जोड़ी है जिसने अर्धशतकीय साझेदारी की है। ओपनिंग जोड़ी के फॉर्म में लौटने के बाद रहाणे ने भी अर्धशतक का मौका नहीं गंवाया।
पिछले दोनों मौकों पर अर्धशतक से चूकने वाले रहाणे ने आज भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और जब वह अर्धशतक के करीब थे तो उन्होंने 17वें ओवर में मोइन अली की गेंद पर छक्का जमाकर फिफ्टी लगाई। रहाणे के अलावा धवन भी आज अपने चिर-परिचित अंदाज में दिखे और रन बनाए। उन्होंने भी रहाणे की तरह छक्का जमाकर अर्धशतक लगाया। धवन के करियर का यह आठवां अर्धशतक है। भारत के सौ रन 18वें ओवर में ही बन गए।
शतक से रह गए शिखर धवन
रहाणे ने आज अपने वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए शतक लगाया। उन्होंने महज 96 गेंदों में ही अपना पहला शतक पूरा किया। हालांकि शतक लगाने के बाद वह 106 रनों के निजी स्कोर पर हैरी गर्ने की गेंद पर कैच आउट हो गए। आउट होने से पहले उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के लगाए।
दूसरी ओर धवन ने रहाणे के जाने के बाद तेजी से रन बनाए और 31वें ओवर में हैरी गर्ने की गेंद पर छक्का मारकर टीम की जीत पर मुहर लगा दी। हालांकि 81 गेंदों में 97 रन बनाने के बावजूद वह शतक से 3 रन दूर रह गए। अपनी नाबाद पारी में धवन ने 11 चौके और 4 छक्के लगाए। जबकि विराट कोहली एक रन बनाकर नाबाद लौटे।
भुवी के 'डबल अटैक' ने खराब की शुरुआत
तेज गेंदबाज भुवी ने इसके बाद इसी ओवर की चौथी गेंद पर कप्तान एलिस्टर कुक (9) को भी चलता किया। उन्होंने सुरेश रैना के हाथों कुक को कैच आउट कराया।
भारत को तीसरी सफलता के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा, मोहम्मद शमी ने गैरी बैलेंस (7) को अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच आउट कराकर इंग्लैंड को एक और झटका दे दिया। मेजबान इंग्लैंड को पिछले दोनों मैचों में अच्छी शुरुआत के बाद झटके लगे थे, लेकिन आज के मैच में शुरुआत में ही 3 झटके लग गए। इंग्लैंड का स्कोर 10 ओवर में 3 विकेट पर सिर्फ 25 रन था।
जडेजा ने तोड़ी यह 'खतरनाक' साझेदारी
लेकिन रवींद्र जडेजा ने खतरनाक होती इस साझेदारी को लंबा नहीं चलने दिया और 29वें ओवर में मोर्गन को 32 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट करा दिया।
बड़ी साझेदारी तोड़ने के बाद भारत को जल्द ही एक और बड़ी सफलता हाथ लगी। पार्टटाइम गेंदबाज सुरेश रैना ने लगातार तीसरे वनडे में सफलता हासिल करते हुए जोई रुट (44) को धवल कुलकर्णी के हाथों कैच आउट कराया। इंग्लैंड का स्कोर 5 विकेट पर 114 रन हो गया।
हालांकि एक छोर पर विकेटों के पतन के बावजूद मोइन अली ने आतिशी पारी खेलते हुए 50 गेंदों में 67 रन (4 चौके और 3 छक्के) बनाए। उन्होंने अपना अर्धशतक महज 39 गेंदों में पूरा किया। 4 वनडे मैचों में अली का यह दूसरा अर्धशतक है।
सीरीज क्लीन स्वीप करने का मौका
कप्तान धोनी ने अपनी विजयी एकादश में आज के मैच के लिए एक बदलाव किया। तेज गेंदबाज मोहित शर्मा के स्थान पर तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी को जगह दी। धवल का वनडे क्रिकेट में यह अपना पहला मैच भी था।
पांच मैचों की सीरीज में टीम इंडिया ने 4 मैचों में से लगातार 3 मैच जीतकर 3-0 से अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण रद कर दिया गया था।
भारतीय क्रिकेट टीम के पास टेस्ट सीरीज में हार के बाद वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप कर इंग्लैंड के हाथों मिली पिछली हार का बदला चुकता करने का बेहतरीन मौका है। वर्ल्ड चैंपियन भारत ने इंग्लैंड की धरती पर लगातार 8 मैच जीत लिए हैं। इनमें से लगातार 5 मैच पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भारत ने जीते थे। इंग्लैंड में पिछले 9 वनडे में भारत को एक भी मैच में हार का सामना नहीं करना पड़ा है।
भारत ने एजबेस्टन ग्राउंड पर कुल 8 मैच खेले, जिसमें उसने 5 में जीत दर्ज कराई और 3 मुकाबले हारे हैं। जबकि भारत ने इंग्लैंड से इस मैदान पर कुल 4 मैच खेले और 3 जीते और एक मैच गंवाया है।