बेकाबू हुए बांग्लादेश के प्रशंसक, भारतीय दर्शक पर किया पथराव
बांग्लादेश की क्रिकेट टीम इस समय अपने खेल इतिहास में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही है। अपने शानदार प्रदर्शन के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए बांग्लादेश ने टीम इंडिया को भी धूल चटा दिया है।
तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच में रविवार को बांग्लादेश ने गजब का खेल दिखाया और महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम इंडिया को एकतरफा मुकाबले में रौंद दिया। यह जीत मेजबान टीम के लिए ऐतिहासिक रही क्योंकि उसने पहली बार भारत को लगातार दो वनडे में हराया है। साथ ही बांग्लादेश ने पहली बार अपने पड़ासी से कोई वनडे सीरीज जीती है।
टीम के शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ मैदान के बाहर मैच देख रहे प्रशंसक भी बेहद अभिभूत हैं लेकिन वे जश्न में इतने डूब गए कि अपनी मर्यादा ही भूल बैठे और कई बार बेकाबू होते दिखे। मीरपुर में वनडे सीरीज के दौरान अपनी टीम की जीत के बाद जश्न मना रहे बांग्लादेशी समर्थकों ने भारतीय प्रशंसक पर पथराव भी किए। बतौर प्रशंसक अपनी पहचान बना चुके सुधीर गौतम ने दावा किया है उन पर स्थानीय प्रशंसकों ने पत्थर से हमला किया था।
जश्न मना रहे बांग्लादेशी समर्थकों ने भारतीय प्रशंसक पर किया पथराव
टीम इंडिया पर ऐतिहासिक जीत के बाद बांग्लादेशी टीम के प्रशंसकों ने बांग्लादेश की सड़कों पर रातभर जश्न मनाया। जश्न मनाने के दौरान कुछ स्थानीय प्रशंसकों ने भारतीय टीम के सबसे बड़े प्रशंसक सुधीर गौतम पर पथराव किया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुधीर का दावा है कि यह पथराव उस समय किया गया जब मैच के बाद वह वापस अपने होटल की ओर लौट रहे थे, इस बीच कुछ स्थानीय मनचलों ने उन पर पत्थर फेंके। हालांकि उन्हें इस पथराव पर खास चोट नहीं आई।
अपने शरीर पर पेंट करके मैच देखने वाले सुधीर गौतम भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा नाम हैं और वह देश के सबसे बड़े क्रिकेट प्रशंसक के रूप में पहचान रखते हैं। पिछले कई सालों से वह स्टेडियम में टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाते नजर आते रहे हैं। सचिन तेंदुलकर के बड़े फैन सुधीर तिरंगा लेकर शंख बजाते हुए टीम का उत्साह बढ़ाते हैं।
हादसे के बाद एक भारतीय न्यूज चैनल को दिए अपने इंटरव्यू में बताया कि बांग्लादेशी प्रशंसकों की ओर से हो रहे पथराव के बीच दो पुलिसवालों ने उन्हें बचाया। उनके अनुसार पुलिस वालों ने उन्हें ऑटो रिक्शा में बैठाया और ऑटो को घेरते हुए पत्थरबाजों से बचाया। हालांकि टीम इंडिया बांग्लादेश में जर्बदस्त सुरक्षा में है।