Team India: वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के टेस्ट मैच के कार्यक्रम में बदलाव, जानें पूरा मामला
बीसीसीआई ने हालांकि, इसकी वजह नहीं बताई है, लेकिन समझा जाता है कि राष्ट्रीय राजधानी में नवंबर के समय वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
विस्तार
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोलकाता के ईडन गार्डेंस और दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत के आगामी घरेलू सत्र में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैचों के कार्यक्रम में बदलाव किया है। बीसीसीआई ने दोनों मैच के कार्यक्रम की अदला बदला की है। दिल्ली को पहले 14 से 18 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरुआती टेस्ट की मेजबानी करनी थी, लेकिन अब वह 10 अक्तूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट की मेजबानी करेगा।
बीसीसीआई ने हालांकि, इसकी वजह नहीं बताई है, लेकिन समझा जाता है कि राष्ट्रीय राजधानी में नवंबर के समय वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। कुछ साल पहले भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए टेस्ट मैच के दौरान खिलाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस मैच के दौरान श्रीलंकाई फील्डर्स ने मास्क पहने हुए थे और कुछ को कथित तौर पर सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।
समझा जाता है कि बीसीसीआई की क्रिकेट संचालन टीम ने पिछले कुछ वर्षों के एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) डेटा को एकत्रित किया और फिर फैसला लिया है। भारत का घरेलू सत्र वेस्टइंडीज के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेले जाने वाले दो टेस्ट मैचों से शुरू होगा। इसकी शुरुआत दो अक्तूहर को अहमदाबाद में होगी। उसके बाद जो टेस्ट कोलकाता में खेला जाने वाला था, वह अब दिल्ली में होगा।
भारतीय टीम इसके बाद विभिन्न स्थानों पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीनों प्रारूपों की पूरी सीरीज खेलेगी। इसमें दो टेस्ट मैच तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता शुरुआती टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा, जबकि गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में 22 से 26 नवंबर तक सीरीज का दूसरा टेस्ट खेला जाएगा। इस स्टेडियम के लिए यह पहला टेस्ट मैच होगा।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच रांची (30 नवंबर), रायपुर (तीन दिसंबर) और विशाखापत्तनम (छह दिसंबर) में खेले जाएंगे जबकि पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच कटक (नौ दिसंबर), न्यू चंडीगढ़ (11 दिसंबर), धर्मशाला (14 दिसंबर), लखनऊ (17 दिसंबर) और अहमदाबाद (19 दिसंबर) में खेले जाएंगे।
तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए) ने इस बीच 14 सितंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली महिला वनडे सीरीज की मेजबानी करने में असमर्थता जताई है। इस सीरीज को 50 ओवर के विश्व कप की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। तीस सितंबर से शुरू होने वाली सीरीज के पहले दो मैच अब न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) और तीसरा मैच नयी दिल्ली में खेला जाएगा।
भारत इस दौरान ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ और दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ टीम की मेजबानी करेगा। इन दोनों देशों के खिलाफ युवा खिलाड़ियों से सजी भारत ‘ए’ की टीम दो-दो टेस्ट और तीन-तीन एकदिवसीय मैच खेलगी। ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ सीरीज का आयोजन लखनऊ और कानपुर में होगा जबकि बीसीसीआई का बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ के खिलाफ टेस्ट मैचों की मेजबानी करेगा। राजकोट तीन वनडे मैचों की मेजबानी करेगा।