बड़बोलापन: पाकिस्तानी खिलाड़ी ने कहा- हम टी20 विश्व कप में भारत को चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल की तरह हराना चाहेंगे
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली ने टी-20 विश्व कप से पहले बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हम चैंपियंस ट्रॉफी (2017) की तर्ज पर टी-20 विश्व कप में भी भारत को हराने का प्रयास करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगामी टी-20 विश्व कप से पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हम टी-20 विश्व कप में भारत को चैंपियंस ट्रॉफी (2017) फाइनल की तरह हराना चाहेंगे। इस तेज गेंदबाज ने बुधवार को वर्चुअल मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा, 'जब हमने (2017 में) चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, तो यह हमारे लिए काफी अच्छा समय था और हम टी-20 विश्व कप में भी फिर से भारत को हराने का प्रयास करेंगे। हम अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। भारत के खिलाफ खेलना हमेशा ही दबाव भरा मुकाबला रहता है क्योंकि दोनों देशों के प्रशंसकों की काफी उम्मीदें लगी होती हैं।'
भारत-पाकिस्तान के बीच मैच हमेशा सबसे ज्यादा देखा जाता है
हसन ने कहा, 'वैश्विक टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हमेशा सबसे ज्यादा देखा जाता है। यहां तक कि सामान्य तौर पर जो लोग क्रिकेट मैच नहीं देखते, वे भी भारत बनाम पाकिस्तान मैच देखते हैं, इसलिए खिलाड़ियों पर काफी ज्यादा दबाव होता है लेकिन हम अपना सर्वश्रेष्ठ करेंगे।'
मिसबाह और वकार के पद छोड़ने से निराश
वहीं, हसन ने इस बात को स्वीकार किया कि वह मिसबाह उल हक और वकार यूनिस के विश्व कप से पहले मुख्य कोच और गेंदबाजी कोच के पद से हटने से काफी निराश थे। उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो मैं निराश था क्योंकि विश्व कप आने वाला है और वे पद छोड़कर चले गए। हसन ने कहा, 'लेकिन खिलाड़ी के तौर पर यह हमारे हाथ में नहीं है और इसका ध्यान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड रखेगा। हमारा काम खेलना है और पाकिस्तान के लिए अच्छा खेलकर ज्यादा से ज्यादा मैच जीतना है।
24 अक्तूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत
शेड्यूल के मुताबिक, टी-20 वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला 17 अक्तूबर को ओमान और पपुआ न्यूगिनी के बीच खेला जाएगा। वहीं, भारत टी-20 विश्व कप में अपना पहला मुकाबला 24 अक्तूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। टी-20 विश्व कप 2021 का आयोजन पहले भारत में प्रस्तावित था। मगर कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के चलते बीसीसीआई ने इसे यूएई और ओमान में स्थानांतरित कर दिया।
भारत के मुकाबले
| तारीख | बनाम | स्थान |
| 24 अक्तूबर | भारत बनाम पाकिस्तान | दुबई |
| 31 अक्टूबर | भारत बनाम न्यूजीलैंड | दुबई |
| 3 नवंबर | भारत बनाम अफगानिस्तान | अबू धाबी |
| 5 नवंबर | भारत बनाम ग्रुप बी के विजेता | दुबई |
| 8 नवंब | भारत बनाम ग्रुप ए से दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम | दुबई |