T20 World Cup 2021: भारत को पाकिस्तान के खिलाफ मैच से लेने चाहिए तीन सबक, वीवीएस लक्ष्मण ने किया एक्सप्लेन
भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने कहा है कि पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद भारत को इस मैच से तीन सबक लेने चाहिए। रविवार को दुबई में खेले गए विश्व कप मैच में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में खेले गए टी-20 विश्व कप मैच में टीम इंडिया को 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार को क्रिकेट फैंस पचा नहीं पा रहे हैं। विश्व कप में भारत का अगला मुकाबला 31 अक्तूबर को न्यूजीलैंड से है। इस महत्वपूर्ण मैच को देखते हुए भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने विराट एंड कंपनी को तीन ऐसे सबक बताए हैं जो भारत को पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार से लेने चाहिए।
टीम इंडिया के लिए तीन सबक
भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा, मुझे लगता है कि इस मैच से भारत को तीन सबसे जरूरी सबक लेना चाहिए। पहला, मैच की शुरुआत में विकेट नहीं खोना है खासकर पावरप्ले के दौरान। क्योंकि पॉवरप्ले के दौरान आप ज्यादा से ज्यादा रन बनाना चाहते हैं, दूसरा, मैच के दौरान विकेट गंवाने से बचना है, वैसे ही गेंदबाजों के लिए शुरुआती में विकेट निकालना काफी अहम होता है खासकर उस वक्त जब आप कम स्कोर बचा रहे हों। लक्ष्मण ने आगे कहा, तीसरा सबक यह है गेंदबाजों की लेंग्थ। लक्ष्मण के मुताबिक, जब आप विकेट लेने की कोशिश करते हैं तो जरूरी है कि बॉलिंग में विविधता रखें लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मैच में मुझे ऐसा लगा कि गेंदबाजों ने ज्यादातर शॉर्ट गेंदें फेंकी, टीम इंडिया के बॉलर्स ने कंडीशंस के मुताबिक गेंदबाजी नहीं की।
भारत ने खोए थे जल्दी विकेट
पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में भारत ने जल्दी विकेट खो दिए थे। शाहीन अफरीदी ने शानदार बॉलिंग करते हुए अपने शुरुआत के दो ओवर में दो विकेट लिए। उस दौरान उन्होंने अपने पहले ओवर में रोहित शर्मा को आउट किया। जबकि दूसरे ओवर में केएल राहुल को अपना शिकार बनाया। इस मुकाबले में भारत ने एक समय छह रन पर दो विकेट खो दिए थे। इसके बाद विराट के अर्धशतक और ऋषभ पंत की 39 रनों की पारी के चलते टीम इंडिया ने सात विकेट पर 151 रन बनाए। वहीं, पाकिस्तान ने जीत के लिए 152 रनों का लक्ष्य 17.5 ओवर में बिना विकेट खोए हासिल कर लिया था।
न्यूजीलैंड से अगला मुकाबला
टी-20 विश्व कप में भारत 31 अक्तूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा। यह मैच टीम इंडिया के लिए करो या मरो वाला होगा। अगर भारत इस मुकाबले में जीतता है तो उसे अगले दौर में पहुंचने में आसानी होगी। वैसे, टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बहुत आकर्षक नहीं हैं। अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए 16 मैच में से आठ कीवी टीम ने जीते जबकि, 6 मैच टीम इंडिया जीतने में सफल रही।