T-20 World Cup 2021: भारतीय टीम में चुने जाने पर अश्विन ने जताई खुशी, कहा- यह दो शब्द मुझे अभी कर सकते हैं परिभाषित
बीसीसीआई चयनकर्ताओं ने बुधवार को देर रात टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया। चयनकर्ताओं द्वारा घोषित की गई वर्ल्ड कप टीम में आर अश्विन की चार साल बाद वापसी हुई है। विश्व कप टीम में अपने चयन पर अश्विन ने खुशी जताई।
विस्तार
बीसीसीआई चयनकर्ताओं ने आगामी टी-20 विश्व कप को देखते हुए भारतीय टीम का एलान 8 सितंबर को देर रात कर दिया। संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में खेले जाने वाले विश्व कप में भारत किस संयोजन के साथ खेलेगा उसको लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि बुधवार को चयनकर्ताओं द्वारा घोषित की गई 15 सदस्यीय टीम ने कई लोगों को हैरान कर दिया। विश्व कप के लिए चुनी गई टीम में शिखर धवन युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों को जगह नहीं दी गई है। वहीं, सीमित प्रारूप में चार साल से दूर रहे स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की विश्व कप टीम में वापसी हुई है। जबकि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को विश्व कप टीम के मेंटोर बनाया गया है। विश्व कप टीम में चुने जाने पर अश्विन ने खुशी जताई है।
चार साल बाद अश्विन की वापसी
टी-20 विश्व कप टीम में चुने जाने के बाद आर अश्विन ने काफी खुशी जताई और उन्होंने ट्वीट कर लिखा, अपनी दीवार पर लिखने से पहले ये लाइनें मैंने अपनी डायरी में कई बार लिखी हैं, जिन कोट्स को हम पढ़ते और उनकी तारीफ करते हैं, उनमें अधिक शक्ति तब महसूस होती है जब उन्हें अपने जीवन में लागू करते हैं, खुशी और आभार दो ऐसे शब्द हैं जो मुझे अभी परिभाषित कर सकते हैं। अश्विन की चार साल बाद भारत की टी-20 टीम में वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी वनडे और टी-20 मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2017 में खेला
2017: I wrote this quote down a million times in my diary before putting this up on the wall! Quotes that we read and admire have more power when we internalise them and apply in life.
— Mask up and take your vaccine🙏🙏🇮🇳 (@ashwinravi99) September 8, 2021
Happiness and gratitude are the only 2 words that define me now.🙏 #t20worldcup2021 pic.twitter.com/O0L3y6OBLl
इंग्लैंड दौरे पर हैं अश्विन
34 वर्षीय आर अश्विन मौजूदा समय में भारतीय टेस्ट टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं। हालांकि इस टूर पर उन्हें अभी किसी भी टेस्ट मैच में खेलने का मौका नहीं मिला है। अश्विन टेस्ट क्रिकेट में 413 विकेट ले चुके हैं। टेस्ट मैचों में अंतिम एकादश में अश्विन का चयन न होने की वजह विराट कोहली भी नहीं बता पाए हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड पर 10 सितंबर से खेला जाएगा। हो सकता इस अंतिम मैच में अश्विन खेलते हुए नजर आएं।