{"_id":"6198ccbfbb040c355b1feef1","slug":"syed-mushtaq-ali-trophy-2021-tamil-nadu-beat-hyderabad-by-8-wickets-in-1st-semifinal-and-reached-final","type":"story","status":"publish","title_hn":"सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2021: फाइनल में पहुंचा तमिलनाडु, हैदराबाद को आठ विकेट से हराया","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2021: फाइनल में पहुंचा तमिलनाडु, हैदराबाद को आठ विकेट से हराया
Sat, 20 Nov 2021 03:53 PM IST
ओम. प्रकाश
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: ओम. प्रकाश
Updated Sat, 20 Nov 2021 03:53 PM IST
सार
तमिलनाडु की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच गई है। शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले में उसने हैदराबाद को आठ विकेट से शिकस्त दी। अब डिफेंडिंग चैंपियन तमिलनाडु का मुकाबला फाइनल में दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।
विज्ञापन
जीत के बाद खिलाड़ियों से गले मिलते तमिलनाडु के कप्तान विजय शंकर
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट 2021 का पहला सेमीफाइनल तमिलनाडु और हैदराबाद के बीच खेला गया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए इस मैच में तमिलनाडु ने एकतरफा मुकाबले में हैदराबाद को आठ विकेट से रौंदकर फाइनल में जगह बना ली। पूरे मैच के दौरान तमिलनाडु की टीम छाई रही और उसने हर विभाग में विपक्षी टीम को बौना साबित कर दिया। अब फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन तमिलनाडु का मुकाबला कर्नाटक और विदर्भ के बीच खेले जा रहे दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। इस स्पर्धा का खिताबी मुकाबला सोमवार को खेला जाएगा।
विज्ञापन
पी सरवन कुमार की कातिलाना गेंदबाजी
तमिलनाडु के कप्तान विजय शंकर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग की। टीम के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के भरोसे को सही साबित किया। तामिलनाडु की ओर से पी सरवन कुमार घातक गेंदबाजी करते हुए हैदराबाद के खिलाड़ियों को टिकने नहीं दिया। उन्होंने 3.3 ओवर की गेंदबाजी में दो मेडन रखते हुए 21 रन देकर पांच विकेट चटकाए। उनके अलावा मुरुगन अश्विन ओर एम मोहम्मद ने 2-2 विकेट लिए। इस तरह हैदराबाद की पूरी टीम 18.3 ओवर में महज 90 रनों पर ढेर हो गई। टीम की ओर से तनमय त्यागराजन ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक नहीं पार कर सका।
विज्ञापन
तमिलनाडु ने आठ विकेट से हराया
जीत के लिए 91 रनों का टारगेट हासिल करने उतरी तमिलनाडु की टीम की शुरुआत ठीक नहीं रही और पहला विकेट 15 रनों पर गिर गया। नारायण जगदीसन एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज हरि निसांथ 14 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान विजय शंकर ने पारी को आगे बढ़ाया। इन दोनों ने 76 रनों की नाबाद साझेदारी कर तमिलनाडु को आठ विकेट से जीत दिलाई। विजय शंकर ने कप्तानी पारी खेले हुए 43 रन बनाए जबकि, सुदर्शन ने 34 रनों की की पारी खेली। हैदराबाद की ओर से रक्षण रेड्डी ने दो विकेट लिए।
विज्ञापन