खेल मंत्री ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों को भारत आने से रोका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीलंका के खेल मंत्री दयासिरी जयासेकेरा ने आगामी वन-डे सीरीज खेलने आ रहे 9 श्रीलंकाई खिलाड़ियों को भारत आने से रोक दिया। ये खिलाड़ी भारत के लिए रवाना हो रहे थे। ये सभी खिलाड़ी भारत आने के लिए एयरपोर्ट पहुंच चुके थे लेकिन उन्हें एयरपोर्ट से ही वापस भेज दिया गया।
गौरतलब है कि टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच 10 दिसंबर से शुरू होने वाले तीन मैचों की वन-डे सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला मैच 10 दिसंबर को धर्मशाला में खेला जाएगा। इस मामले में खेल मंत्री जयासेकेरा का कहना है कि उनकी अनुमति लिए बगैर ही खिलाड़ियों को सीरीज के लिए भारत भेजा जा रहा था। हालांकि बाद में श्रीलंकाई अधिकारियों से काफी देर बातचीत के बाद श्रीलंकाई टीम के उन नौ खिलाड़ियों को भारत आने की मंजूरी दे दी गई, जिन्हें रोका गया था।
पढ़ेंः- कोहली का एक और 'विराट' मुकाम, ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज
हालांकि देश के खेल कानून ने खेल मेंत्री जयासेकेरा की बात को स्पष्ट किया है। कानून के तहत सभी श्रीलंकाई खिलाड़ियों को किसी भी सीरीज के लिए खेल मंत्री की अनुमति मिलनी जरूरी है। अपने एक बयान में जयासेकेरा ने कहा, 'चयनकर्ताओं को एक दिसम्बर को ही टीम का चयन करना लेना चाहिए था, लेकिन वह कुछ खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए किए जाने वाले फैसले के कारण अंतिम निर्णय पर नहीं पहुंच पाए। इस कारण, टीम के चयन की सूची मेरे पास देरी से पहुंची।'
मुझे खिलाड़ियों से कोई शिकायत नहीं- जयासेकेरा
खेल मंत्री ने कहा, 'मैं इतने कम समय में एक टीम को स्वीकृति कैसे दे सकता हूं? यदि आप खेल कानूनों को देखें, तो इसमें पता चलेगा कि टीम के चयन की सूची सीरीज से तीन सप्ताह पहले ही भेजी जानी जरूरी है। वह टीम की सूची खिलाड़ियों के दूसरे देश रवाना होने से केवल चार या पांच घंटे पहले भेज रहे हैं। इसलिए, मुझे खिलाड़ियों को रोकना पड़ा'।
जयासेकेरा ने कहा, 'मुझे खिलाड़ियों से कोई शिकायत नहीं है। थिसारा परेरा ने मुझे फोन किया था और कहा था कि हम विमान में बैठ चुके हैं, लेकिन मैंने उन्हें कहा कि यह सही नहीं है। अगर मैं उन्हें ऐसे में जाने की इजाजत देता हूं, तो मैं एक गलत उदाहरण पेश कर रहा हूं'। कुछ माह पहले ही जयासेकेरा ने सभी खिलाड़ियों से आग्रह किया था कि वह टीम में शामिल होने से पहले अपना फिटनेस टेस्ट कराएंगे।
बता दें कि जिन खिलाड़ियों को भारत आने से रोका गया उनमें टीम के कप्तान थिसारा परेरा, उपुल थरंगा, धनुषा गुणाथिलाका, असेला गुणारत्ने, चतुरंगा डि सिल्वा, सचिथ पतिराना, दुशमंथा चमीरा, नुवान प्रदीप और एक अन्य शामिल थे।