Mzansi Super League: दक्षिण अफ्रीका की शीर्ष टी-20 लीग पर पड़ी कोविड-19 की मार, दूसरी बार रद्द हुआ तीसरा सीजन
मजांसी सुपर लीग के तीसरे संस्करण का आयोजन फरवरी में होना था लेकिन सीएसए ने सोमवार को कहा कि कोविड के ओमिक्रोन स्वरूप के प्रसार और कई देशों द्वारा दक्षिण अफ्रीका पर यात्रा प्रतिबंध लगाए जाने के कारण उसे इस टूर्नामेंट को रद्द करने को बाध्य होना पड़ा।
विस्तार
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने टी-20 मजांसी सुपर लीग (एमएसएल) को कोविड-19 महामारी के कारण दूसरी बार रद्द कर दिया है। एमएसएल के तीसरे संस्करण का आयोजन फरवरी में होना था लेकिन सीएसए ने सोमवार को कहा कि कोविड के ओमिक्रोन स्वरूप के प्रसार और कई देशों द्वारा दक्षिण अफ्रीका पर यात्रा प्रतिबंध लगाए जाने के कारण उसे इस टूर्नामेंट को रद्द करने को बाध्य होना पड़ा।
सीएसए के कार्यवाहक सीईओ फोलेत्सी मोसेकी ने कहा, ‘एमएसएल के 2021 सत्र को रद्द करने के फैसले का मतलब है कि सीएसएल और इसके रणनीतिक साझेदारों को कोविड-19 के बाद टूर्नामेंट में बदलाव और समीक्षा करके बाजार और अपनी व्यावसायिक स्थिति को दोबारा हासिल करने का मौका मिलेगा। इसके लिए एमएसएल की जगह घरेलू सीएसए टी-20 चैलेंज का आयोजन होगा जिसमें आठ डिविजन की टीमें हिस्सा लेंगी और यह टूर्नामेंट फरवरी 2022 में होगा।’
The Mzansi Super League (MSL) scheduled for February 2022 has been called off due to the current Covid-19 environment.
विज्ञापन विज्ञापन
The premier global T20 tournament will be replaced by a domestic CSA T20 Challenge in February 2022.
Full details: https://t.co/suS9ILE8kU#BePartOfIt pic.twitter.com/Oc9rkcSJ2V— Cricket South Africa (@OfficialCSA) December 20, 2021
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका में पिछले हफ्ते चौथी लहर के कारण कोविड-19 के रिकॉर्ड मामले सामने आए। माना जा रहा है कि कोरोना महामारी के नए ओमिक्रोन वेरिएंट की वजह से यहां चौथी लहर आई है।
रविवार को सीएसए ने कोविड-19 के डर के कारण एहतियाती तौर पर चार दिवसीय फ्रेंचाइजी सीरीज के बाकी दौर के मुकाबले स्थगित कर दिए थे। यह देश की शीर्ष घरेलू प्रतियोगिता है।