फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Smriti Mandhana power trailblazers defeat supernovas in first match of women t20

Women IPL: कप्तान स्मृति मंधाना के अर्धशतक से रोमांचक मैच में 2 रन से जीती ट्रेलब्लेजर्स

Tue, 07 May 2019 06:36 AM IST
गौरव द्विवेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला Published by: गौरव द्विवेदी Updated Tue, 07 May 2019 06:36 AM IST
विज्ञापन
Smriti Mandhana power trailblazers defeat supernovas in first match of women t20
स्मृति मंधाना (महिला आईपीएल)

कप्तान स्मृति मंधाना के बड़े अर्धशतक के बाद सोफी एक्लेस्टोन और राजेश्वरी गायकवाड़ की उम्दा गेंदबाजी से ट्रेलब्लेजर्स ने महिला टी20 चैलेंज के रोमांचक लीग मैच में सोमवार को यहां सुपरनोवाज को दो रन से हराया। सलामी बल्लेबाज स्मृति ने 67 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 90 रन की पारी खेलने के अलावा हरलीन देओल (36) के साथ दूसरे विकेट के लिए 119 रन जोड़े जिससे ट्रेलब्लेजर्स ने धीमी शुरुआत से उबरते हुए पांच विकेट पर 140 रन बनाए। 

विज्ञापन


इसके जवाब में सुपरनोवाज की टीम एकलेस्टोन (11 रन पर दो विकेट) और राजेश्वरी (17 रन पर दो विकेट) की फिरकी के जादू के सामने कप्तान हरमनप्रीत कौर (34 गेंद में नाबाद 46, आठ चौके) की तेजतर्रार पारी के बावजूद छह विकेट पर 138 रन की बना सकी। सोफी डिवाइन (32), चामरी अटापट्टू (26) और जेमिमा रोड्रिग्ज (24) ने भी उम्दा पारियां खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
विज्ञापन


लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपरनोवाज की शुरुआत भी खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर में ही प्रिया पूनिया (01) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने आज 20 बरस की हुई बायें हाथ की स्पिनर एकलेस्टोन की गेंद पर विकेटकीपर रवि कल्पना को कैच थमाया।
विज्ञापन
विज्ञापन


चामरी अटापट्टू और जेमिमा ने इसके बाद पारी को संवारा। दोनों ने पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 42 रन तक पहुंचाया। जेमिमा ने झूलन गोस्वामी पर लगातार दो चौके मारे लेकिन 16 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रही जब शकीरा सेलमन की गेंद पर दीप्ति ने मिड आन पर उनका कैच टपका दिया।

चामरी अटापट्टू भी भाग्यशाली रही जब शकीरा के आठवें ओवर में 14 और 16 रन के निजी स्कोर पर स्टेफनी टेलर और डायलन हेमलता ने उनका कैच टपकाया। शकीरा के इसी ओवर में हालांकि गैरजरूरी रन लेने की कोशिश में जेमिमा रन आउट हो गईं। उन्होंने 19 गेंद में चार चौकों की मदद से 24 रन बनाए।

चामरी अटापट्टू हालांकि जीवनदान का फायदा नहीं उठा सकी और बायें हाथ की स्पिनर राजेश्वरी की गेंद पर हरलीन को बाउंड्री पर आसान कैच दे बैठी। उन्होंने 34 गेंद में दो चौकों की मदद से 26 रन बनाए। राजेश्वरी के अगले ओवर में नताली स्किवर (01) स्क्वायर लेग पर एकलेस्टोन को कैच दे बैठीं जिससे टीम का स्कोर चार विकेट पर 74 रन हो गया।

सोफी डिवाइन ने इसके बाद तेजी से रन बटोरे। उन्होंने शकीरा पर लगातार दो चौके जड़ने के बाद राजेश्वरी पर छक्का भी जड़ा। सुपरनोवाज को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 46 रन की दरकार थी। हरमनप्रीत ने दीप्ति और स्टेफनी टेलर पर चौके जड़े। वह हालांकि स्टेफनी के ओवर में भाग्यशाली रहीं जब लांग आन पर उनका कैच छूट गया। इन दो ओवर में हालांकि 16 रन ही बने।

सुपरनोवाज को अब अंतिम तीन ओवर में जीत के लिए 31 रन की जरूरत थी। सोफी ने दीप्ति के 18वें ओवर में छक्का जड़ा जिससे ओवर में 10 रन बने। एकलेस्टोन ने 19वें ओवर सोफी को पगबाधा किया जबकि इस ओवर में सिर्फ दो रन बने जिससे ट्रेलब्लेजर्स का पलड़ा भारी हो गया। सुपरनोवाज को अंतिम ओवर में 19 रन की दरकार थी। झूलन की पहली पांच गेंद पर हरमनप्रीत ने चार चौके जड़े लेकिन अंतिम गेंद पर लिया ताहुहु रन आउट हो गई जिससे ट्रेलब्लेजर्स ने जीत दर्ज की।

इससे पहले सुपरनोवाज की कप्तान हरमनप्रीत ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद ट्रेलब्लेजर्स की शुरुआत काफी धीमी रही। सूजी बेट्स चार गेंद में एक रन बनाने के बाद दूसरे ओवर में ही आफ स्पिनर अनुजा की गेंद पर जेमिमा रोड्रिग्ज को कैच दे बैठी।

कप्तान स्मृति और हरलीन ने इसके बाद पारी को संभाला लेकिन ट्रेलब्लेजर्स की टीम पावरप्ले में एक विकेट पर 25 रन ही बना सकी जिसमें सिर्फ दो बाउंड्री शामिल रही। इसमें एक चौका स्मृति ने नताली स्किवर जबकि दूसरा हरलीन ने बायें हाथ की स्पिनर राधा पर जड़ा।

स्मृति और हरलीन ने नौवें ओवर में लेग स्पिनर पूनम यादव पर एक-एक चौका जड़कर रन गति में इजाफा करने का प्रयास किया। स्मृति ने सोफी डिवाइन पर चौका और फिर एक रन के साथ 10वें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

स्मृति ने इसके बाद मोर्चा संभालते हुए लिया ताहुहु का स्वागत दो चौकों के साथ किया और फिर नताली पर भी चौका मारा। उन्होंने सोफी पर चौके के साथ 47 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। स्मृति ने पूनम की गेंद पर पारी का पहला छक्का जड़ते हुए 16वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया और फिर नताली पर एक और छक्का मारा।


हरलीन हालांकि 19वें ओवर में सोफी की गेंद पर लांग आफ पर राधा को आसान कैच दे बैठीं। उन्होंने 44 गेंद का सामना करते हुए दो चौके मारे। पारी के अंतिम ओवर में स्मृति ने भी राधा की गेंद पर लांग आन पर चामरी अटापट्टू को कैच थमा दिया। राधा ने अगली गेंद पर दीप्ति शर्मा (00) को भी बोल्ड किया। राधा सबसे सफल गेंदबाज रही जिन्होंने 28 रन देकर दो विकेट चटकाए। अनुजा ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 12 रन देकर एक विकेट हासिल किया।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed