{"_id":"62d2c2c634e4e30a0c6cec55","slug":"shoaib-akhtar-virat-kohli-shoaib-akhtar-supported-virat-kohli-said-kohli-did-not-score-70-international-centuries-in-the-aunts-courtyard-or-playing-candy-crush","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Shoaib Akhtar Virat Kohli: शोएब अख्तर ने किया विराट का समर्थन, बोले- कोहली ने 70 अंतरराष्ट्रीय शतक घर के आंगन में नहीं लगाए","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
Shoaib Akhtar Virat Kohli: शोएब अख्तर ने किया विराट का समर्थन, बोले- कोहली ने 70 अंतरराष्ट्रीय शतक घर के आंगन में नहीं लगाए
Sat, 16 Jul 2022 07:23 PM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Sat, 16 Jul 2022 07:23 PM IST
सार
पाकिस्तान से कोहली को काफी समर्थन मिला है। पाक कप्तान बाबर आजम से लेकर रशीद लतीफ तक कोहली के पक्ष में बयान दे चुके हैं। अब इस फेहरिस्त में शोएब अख्तर भी शामिल हो चुके हैं।
विज्ञापन
शोएब अख्तर और विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर भी विराट कोहली के समर्थन में खड़े हो गए हैं। उन्होंने विराट की आलोचना करने वालों को करारा जवाब दिया है। अख्तर ने कहा कि कोहली ने 70 अंतरराष्ट्रीय शतक घर के आंगन में या कैंडी क्रश वीडियो गेम खेलते हुए नहीं लगाए हैं।
विज्ञापन
दरअसल, कोहली नवंबर 2019 के बाद से कोई शतक नहीं लगा पाए हैं। इस दौरान वह कोई मैच जिताऊ पारी भी नहीं खेल पाए हैं। ऐसे में आगामी टी-20 वर्ल्ड कप से उन्हें बाहर करने की मांग उठने लगी है। यहां तक कि भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव और वीरेंद्र सहवाग भी उन्हें टीम से बाहर करने की मांग कर चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
हालांकि, पाकिस्तान से कोहली को काफी समर्थन मिला है। पाक कप्तान बाबर आजम से लेकर रशीद लतीफ तक कोहली के पक्ष में बयान दे चुके हैं। अब इस फेहरिस्त में शोएब अख्तर भी शामिल हो चुके हैं। हालांकि, अख्तर ने यह भी माना कि फॉर्म में चल रहे किसी जूनियर बल्लेबाज को टीम से बाहर कर आउट ऑफ फॉर्म कोहली को खिलाना गलत है।
अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- कपिल देव मेरे सीनियर हैं और उनकी एक राय है और एक राय रखना ठीक है, क्योंकि वह एक महान क्रिकेटर हैं। उन्हें अपनी राय देने का अधिकार है, लेकिन एक पाकिस्तानी के रूप में मैं कोहली का समर्थन क्यों कर रहा हूं? यह मैं आपको बताना चाहूंगा। कोहली ने 70 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए हैं। ऐसा वह घर के आंगन में या कैंडी क्रश खेलते नहीं बनाए हैं।
अख्तर को यह समझने में तकलीफ होती है कि कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी को बाहर करने के बारे में कोई कैसे सोच सकता है। अख्तर ने कहा- आपने सपने में भी कैसे सोचा कि कोहली को भारतीय टीम से बाहर किया जा सकता है? विराट कोहली का करियर खत्म हो गया? ठीक है, काफी सही। विराट कोहली को हटा दिया जाना चाहिए? सहमत। अब जब मैं ये बातें सुनता हूं तो मैं हंसता हूं और लोगों से कहता हूं कि विराट पिछले 10 सालों में दुनिया का सबसे महान बल्लेबाज रहा है।
अख्तर ने कहा- निश्चित तौर पर विराट के कुछ साल खराब रहे हैं और उन सालों में भी उन्होंने शतक नहीं तो रन जरूर बनाए हैं। विराट को मैं यह सलाह देना चाहता हूं कि उन्हें यह भूल जाना चाहिए कि वह कभी भारत के कप्तान थे। उन्हें बस अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उनकी जो भी आलोचना की गई है, वह उन्हें मजबूत बनाने के लिए काफी है और वह फिर से एक बड़े खिलाड़ी के तौर पर सामने आएंगे।
हालांकि, अख्तर ने यह भी कहा कि वह इस पुरानी कहावत में कभी विश्वास नहीं करते कि 'फॉर्म अस्थायी है, क्लास स्थायी है'। रावलपिंडी एक्सप्रेस ने कहा- जब फॉर्म जाती है, तब क्लास भी जाती है। अख्तर की कोहली को यह भी सलाह है कि मुसीबत से बाहर निकलने की कोशिश न करें और कम से कम 100 गेंदें खेलें। अख्तर ने कहा- मैंने कोहली के लिए 110 अंतरराष्ट्रीय शतकों की भविष्यवाणी की थी और एक बार जब वह फॉर्म में वापस आ जाएगा तो वह 30 शतक लगा देगा।