{"_id":"3c589458-cee4-11e2-8462-d4ae52bc57c2","slug":"shilpa-shetty-bets-in-one-ipl-match-says-police","type":"story","status":"publish","title_hn":"शिल्पा ने भी की थी आईपीएल में सट्टेबाजी","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
शिल्पा ने भी की थी आईपीएल में सट्टेबाजी
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Fri, 07 Jun 2013 08:11 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस ने सनसनीखेज रहस्योद्घाटन में कहा है कि राजस्थान रॉयल्स के मालिक राज कुंद्रा और उनकी पत्नी शिल्पा शेट्टी ने आईपीएल मैचों में सट्टेबाजी की थी।
विज्ञापन
विशेष पुलिस आयुक्त (स्पेशल सेल) एसएन श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा कि राज और शिल्पा सट्टेबाजी में पैसा लगाते थे। कुंद्रा ने तीन और शिल्पा ने एक आईपीएल मैच में सट्टेबाजी की।
विज्ञापन
पुलिस सूत्रों का कहना कि शिल्पा ने जयपुर में खेले गए मैच में सट्टेबाजी की थी। इस मैच में एक टीम राजस्थान रॉयल्स थी। हालांकि पुलिस ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि शिल्पा ने किस मैच पर सट्टा लगाया था।
विज्ञापन
इसके बाद पति-पत्नी पर शिकंजा कसना तय दिख रहा है। वैसे पुलिस ने अभी अपनी रणनीति का खुलासा नहीं किया है।
कुंद्रा ने सट्टेबाजी की बात मानी
वहीं, विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया कि 36 वर्षीय कुंद्रा ने सट्टेबाजी करने की बात स्वीकार कर ली है। दिल्ली पुलिस ने उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया है और तफ्तीश पूरी होने तक विदेश जाने पर रोक लगा दी है।
श्रीवास्तव के अनुसार, पुलिस जांच कर रही है कि क्या सट्टेबाजी फिक्सिंग हो सकती है? हालांकि राज कुंद्रा के खिलाफ अभी फिक्सिंग के सबूत नहीं मिले हैं।
जब विशेष आयुक्त से सवाल किया गया कि क्या दिल्ली पुलिस सट्टेबाजी का मामला दर्ज कर कुंद्रा और उनकी पत्नी को गिरफ्तार करेगी तो उन्होंने जवाब दिया कि पुलिस अभी फिक्सिंग की तफ्तीश कर रही है।
सट्टेबाजी का मामला दर्ज या तफ्तीश कर दिल्ली पुलिस भटकना नहीं चाहती। जरूरत पड़ेगी तो पुलिस सट्टेबाजी का मामला दर्ज कर सकती है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 161 के तहत कुंद्रा के बयान दर्ज किए हैं। इस बयान की कोर्ट में ज्यादा अहमियत नहीं होती है। कुंद्रा ने पुलिस को जो बयान दिए हैं उनकी जांच-परख की जा रही है।
दिल्ली पुलिस कुंद्रा समेत आरआर से जुड़े कई लोगों की पिछले तीन महीने की मोबाइल डिटेल को खंगालने में लगी हुई है। कुंद्रा से स्पेशल सेल के ऑफिस में बुधवार को करीब 12 घंटे पूछताछ हुई थी।
पुलिस ने फिलहाल इस मसले पर कुछ कहने से इंकार कर दिया कि कुंद्रा को अगली बार कब बुलाया जा सकता है। वहीं, पुलिस ने राज के दोस्त गोयनका के सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान दर्ज किए हैं। ये बयान कोर्ट में होते हैं और पुलिस के लिए सबूत बन जाते हैं।
नहीं दर्ज होगा मामला
पुलिस के अधिकारिक सूत्रों का तर्क है कि गैंब्लिंग एक्ट के तहत पुलिस किसी को उस समय गिरफ्तार कर सकती है जब वह रुपये को दांव पर लगाते हुए रंगे हाथ पकड़ा जाए। राज कुंद्रा के मामले में ऐसा नहीं है। ऐसे में पुलिस उन पर कोई भी मामला दर्ज नहीं कर सकती।
दिल्ली पुलिस के दावे
- कुंद्रा सट्टेबाजी करने की बात स्वीकार कर चुके हैं। वे अपनी टीम के मैचों पर सट्टा लगाते थे।
- कुंद्रा तीन साल से आईपीएल सट्टेबाजी में पैसा लगा रहे थे। वे करीब एक करोड़ रुपये हारे।
- कुंद्रा के लिए उनके बिजनेस पार्टनर और दोस्त उमेश गोयनका सट्टेबाजी का पैसा लगाते थे।
- गोयनका ने पुलिस को बताया कि एक मैच में शिल्पा शेट्टी ने भी सट्टेबाजी में पैसा लगाया था।
मीडिया पर बरसे शिल्पा-कुंद्रा
बृहस्पतिवार सुबह अखबारों को देखने के बाद राज कुंद्रा और शिल्पा ने मीडिया पर भड़ास निकाली। कुंद्रा ट्विटर पर बरसे, ‘मीडिया अपने झूठे सूत्रों के हवाले से गलत तस्वीर पेश कर रहा है। मीडिया क्यों इतना हाईप पैदा करता है और खबरें बेचने के लिए झूठे दावे करता है? क्या मेरे खिलाफ गिरफ्तारी वारंट निकला है? मैं मुंबई लौट आया हूं।’
शिल्पा ने अपने अकाउंट पर मीडिया को सीख दी, ‘अपने ‘खरीदे हुए’ (अपुष्ट) सूत्रों की बातों के बजाय सच बताएं। हम स्पॉट फिक्सिंग की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस की पूरी मदद करेंगे।’
रोचक बात यह है कि उनकी ट्विटरगिरी के बाद जब दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने मीडिया से बातचीत में कुंद्रा को सट्टेबाजी में शामिल बताया तो पति-पत्नी चुप हो गए।
क्रिकेट प्रशासक हैरान
उन्हें (कुंद्रा को) सट्टेबाजी करने की जरूरत क्या थी? उनके पास इतना पैसा है। वे राजस्थान रॉयल्स के मालिक हैं। उनका काम निहायत ही मूर्खतापूर्ण है।--जयवंत लेले (पूर्व बीसीसीआई सचिव)
अगर आप किसी टीम के मालिक होकर सट्टा लगा रहे हैं तो यह नैतिक रूप से भी गलत है। ये बातें न क्रिकेट के हित में हैं और न आईपीएल के लिए।- संजय जगदाले (पूर्व बीसीसीआई सचिव)