'टेस्ट में स्मिथ तो सभी प्रारूपों में विराट कोहली श्रेष्ठ'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एशेज सीरीज की चार पारियों में एक दोहरे सहित तीन शतक जड़ने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की धूम मच गई है। गेंद से छेड़खानी मामले में 12 महीने प्रतिबंध झेलने के बाद लौटे स्मिथ जबर्दस्त फॉर्म में हैं।
दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफरा आर्चर की बाउंसर से चोटिल होने के बाद वह तीसरे मैच में नहीं उतरे लेकिन चौथे टेस्ट में 211 रन बनाकर उन्होंने दिखा दिया कि चोट से उनकी एकाग्रता पर असर नहीं पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने जहां उन्हें जीनियस बताया है वहीं दिग्गज लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने कहा कि टेस्ट में स्मिथ और सभी प्रारूपों में कोहली बेहतर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा, 'आपको उसकी तारीफ में बहुत कुछ सुनने को मिलेगा। मेरे दिमाग में जो लफ्ज आ रहा है, वह है जीनियस। एक बार फिर शानदार पारी। वह कोई गलती कर ही नहीं रहा। उसकी एकाग्रता जबर्दस्त है। पिछली 99 पारियों में वह सिर्फ नौ बार एलबीडब्ल्यू आउट हुआ है। यानी सीधे गेंद डालने पर उसे आउट नहीं किया जा सकता।'
शेन वॉर्न ने कहा, 'जहां तक टेस्ट क्रिकेट की बात है तो मैं कहूंगा कि शायद कोहली और स्मिथ में से किसी एक को चुनना बहुत मुश्किल होगा। लेकिन मुझे लगता है कि अगर टेस्ट क्रिकेट में किसी एक बल्लेबाज को चुनना ही हो तो मैं स्मिथ को चुनूंगा लेकिन अगर मुझे सभी प्रारूपों में कोई एक बल्लेबाज चुनना हो तो मैं विराट को चुनूंगा।'
भारत के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ने कहा, 'पेचीदा तकनीक लेकिन सोच सधी हुई, यही वे चीजें हैं जो स्मिथ को सबसे अलग बनाती हैं। शानदार वापसी।'-,
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कहा, 'एक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी की तारीफ करना अच्छा तो नहीं लग रहा लेकिन आप उस खिलाड़ी का सम्मान ही कर सकते हो जिसके पास प्रतिभा हो, एकाग्रता और आंखों और हाथ के बीच शानदार समन्वय हो। स्मिथ, तुम कमाल हो।'
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने गढ़े कसीदे
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने तो स्मिथ की तुलना दिग्गज डॉन ब्रेडमैन से करते हुए कहा कि दोनों बल्लेबाजों के बीच अंतर घटता जा रहा है। सीनियर क्रिकेट लेखक गाइडोन हे ने कहा, 'हम ऐसे मुकाम पर हैं जहां न सिर्फ स्मिथ और ब्रेडमैन का नाम एक ही वाक्य में लिया जा सकता है बल्कि एक दूसरे की जगह भी लिया जा सकता है।'
सिडनी डेली टेलीग्राफ ने कहा, 'दोहरे शतक ने स्मिथ की महानता फिर साबित कर दी है । इस पारी से वह सर डोनाल्ड ब्रेडमैन के अलावा किसी और से तुलना से परे हो जाएगा।'
विराट और कोहली का टेस्ट मैचों में प्रदर्शन
नाम मैच रन उच्चतम औसत शतक
विराट 79 6749 243 53.14 25
स्मिथ 67* 6788 239 64.64 26
कप्तान के तौर पर दोनों बल्लेबाजों का प्रदर्शन
विराट 48 4651 243 61.19 18
स्मिथ 20 2390 239 88.51 10
घरेलू मैदान पर प्रदर्शन
विराट 34 3105 243 64.68 11
स्मिथ 29 3090 239 77.25 13
विदेशी धरती पर प्रदर्शन
विराट 45 3644 200 46.12 14
स्मिथ 34 3424 215 60.07 13