Sarthak Ranjan: सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक का बल्ले से जलवा, DPL में 473 रन ठोककर बने नंबर-1 बल्लेबाज
दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान सार्थक रंजन का बल्ला जमकर बोल रहा है। आठ पारियों में 473 रन बनाकर वह टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर हैं और 166.54 के स्ट्राइक रेट के साथ लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सार्थक की बल्लेबाजी की खास बात सिर्फ उनके रनों की संख्या नहीं, बल्कि जिस अंदाज में वह रन बना रहे हैं, वह भी है। उनका स्ट्राइक रेट 166.54 का है। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 59.13 रहा है। सार्थक ने अब तक एक भी शतक नहीं लगाया है, लेकिन छह अर्धशतक जड़ चुके हैं। यानी आठ पारियों में छह बार उन्होंने 50 रन का आंकड़ा पार किया है, जो उनकी निरंतरता को साफ तौर पर दिखाता है।
सार्थक रंजन ने डीपीएल 2026 में अब तक आठ मैच खेले हैं और सभी आठ पारियों में बल्लेबाजी की है। उनके नाम 473 रन हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 95 रन रहा है। 473 रन बनाने के दौरान सार्थक ने गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा है। उनके बल्ले से अब तक 41 चौके और 32 छक्के निकल चुके हैं। यानी 73 बाउंड्री के जरिए ही वह 356 रन बटोर चुके हैं। यह आंकड़ा बताता है कि सार्थक सिर्फ क्रीज पर टिककर रन बनाने वाले बल्लेबाज नहीं हैं, बल्कि मौका मिलते ही बड़े शॉट लगाने से भी पीछे नहीं हटते।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की कप्तानी का जिम्मा भी सार्थक रंजन के कंधों पर है। ऐसे में उनके लिए चुनौती सिर्फ व्यक्तिगत प्रदर्शन करने की नहीं, बल्कि टीम को भी सही दिशा देने की है। बल्लेबाजी में जिस निरंतरता के साथ वह प्रदर्शन कर रहे हैं, उसने टीम के अभियान में उनकी भूमिका को और अहम बना दिया है।
A post shared by Delhi Premier League T20 (@delhipremierleaguet20)
- सार्थक रंजन का नाम क्रिकेट के साथ-साथ उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि की वजह से भी चर्चा में रहता है। वह पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के बेटे हैं। हालांकि क्रिकेट के मैदान पर सार्थक लगातार अपने प्रदर्शन के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
- इससे पहले डीपीएल में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें आईपीएल तक पहुंचाया। 2026 के आईपीएल सीजन के लिए उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने साथ जोड़ा था। हालांकि उन्हें आईपीएल में अभी मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला है।
- दिल्ली प्रीमियर लीग का पिछला सीजन भी सार्थक के लिए शानदार रहा था। 2025 में उन्होंने नौ पारियों में 449 रन बनाए थे और टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे थे। उनके उसी प्रदर्शन ने आईपीएल फ्रेंचाइजी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
- सार्थक रंजन की लगातार शानदार पारियों के बाद अब यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या वह भविष्य में टीम इंडिया के दरवाजे पर दस्तक दे सकते हैं? हालांकि, फिलहाल भारतीय टीम में उनके चयन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
- सार्थक के लिए अभी सबसे जरूरी है कि वह घरेलू क्रिकेट और डीपीएल जैसे मंचों पर इसी तरह निरंतर प्रदर्शन करते रहें। आईपीएल में जगह बनाने के बाद अब उनकी नजर खुद को बड़े स्तर पर साबित करने पर होगी। टीम इंडिया तक पहुंचने के लिए उन्हें घरेलू क्रिकेट में लगातार मजबूत प्रदर्शन और चयनकर्ताओं का भरोसा हासिल करना होगा।