पाक कप्तान सरफराज ने पिच और ICC पर उठाए सवाल, क्या भारत से फिर सता रहा है हार का डर?
आईसीसी विश्व कप 2019 के 17वें मुकाबले में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सरफराज ने टीम इंडिया के खिलाफ बड़ा बयान दिया है, जिसको लेकर अब नया विवाद शुरु हो गया है। बता दें कि टॉन्टन में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 41 रन से हराया था।
इस विश्व कप में पाक टीम पिछड़ती हुई दिखाई दे रही है। पाकिस्तान टीम ने अब तक चार मैच खेले हैं, जिसमें दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है और एक ड्रॉ हो गया था। इस समय पाकिस्तान टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर है।
सरफराज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार का पूरा ठीकरा पिच फोड़ दिया। टॉन्टन की पिच को लेकर सरफराज ने पाकिस्तानी पत्रकारों से अपनी नाराजगी जाहिर की। पिच की तीखी आलोचना करते हुए सरफराज ने कहा कि, पाकिस्तान के अनुकूल यह पिच नहीं है।
सरफराज ने की शिकायत!
पाकिस्तान के एक अखबार में छिपी रिपोर्ट के मुताबिक सरफराज ने कहा है कि भारत को हमेशा ही बल्लेबाजी के लिए पिचें मिलती हैं और उनके स्पिनरों को भी इन पिचों से मदद मिलती है।
सरफराज ने मैच के बाद कहा, निश्चित तौर पर यह बेहद निराशाजनक हार है। हमने तीन विकेट 15 गेंदों में ही खो दिए थे। मैच के दौरान कुछ सकारात्मक चीजें भी हुईं हैं, हसन और वहाब ने शानदार बल्लेबाजी की है। अंत में हमारी टीम ने लड़ाई लड़ी लेकिन जीतने में कामयाब नहीं रहे।
आगे उन्होंने कहा, 'इस मैच में आमिर के अलावा किसी और गेंदबाज ने अच्छी गेंदबाजी नहीं की। यह पिच मेरे लिए 270-280 की थी। टीम में शीर्ष-4 को मैच जीतने के लिए शानदार प्रदर्शन करना होगा, उन्होंने रन बनाए लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकामयब रहे। शीर्ष-4 को मैच जीतने के लिए और भी ज्यादा रन बनाने होंगे।'
जवाब दे सकता है आईसीसी
आईसीसी पर भी सरफराज ने अपने इस बयान से सीधे-सीधे निशाना लगाया है कि वह भारत को जानबूझकर ऐसी पिचें तैयार करके देते हैं। आईसीसी अब कब सरफराज के इस आरोप का जवाब देते हैं कि नहीं यह देखना होगा। आईसीसी पर इससे पहले रिजर्व मैच नहीं रखने की भी शिकायत की थी।
गौरतलब है कि विश्व कप 2019 में अभी तक तीन मैच बारिश की भेंट चढ़ गए हैं। आईसीसी ने इसपर बयान देते हुए कहा था कि इसमें हम कुछ नहीं कर सकते हैं। मौसम कब बदल जाता है इसका अंदाजा नहीं होता है। अब पिचों पर लगे आरोप पर आईसीसी कैसे बचाव करेगी यह देखने की बात होगी।