IPL 2019: बैंगलोर के खिलाफ चेन्नई की निगाहें प्लेऑफ पर, आज आमने-सामने होंगे धोनी और विराट
चेन्नई की टीम इंडियन टी-20 लीग के 39वें मुकाबले में रविवार को बैंगलोर के खिलाफ जब मैदान में उतरेगी तो उसकी नजरें पिछले मैच मे मिली हार को भुलाकर प्लेऑफ के लिए जगह पक्की करने पर होगी।
गत चैंपियन चेन्नई की टीम को पिछले मैच में हैदराबाद से हार का सामना करना पड़ा था जो मौजूदा सत्र में उसकी सिर्फ दूसरी हार थी। बैंगलोर के खिलाफ अगर टीम जीत दर्ज करती है तो उसके 16 अंक हो जाऐंगे जो अंतिम चार में जगह पक्की करने के लिए काफी होगा। हैदराबाद के खिलाफ चोट के कारण टीम के नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मैदान में नहीं उतर पाए थे लेकिन रविवार को होने वाले मैच के लिए उनके फिट रहने की उम्मीद है।
टूर्नामेंट का शुरुआती मैच खेलने वाली दोनों टीमों का अभियान बिल्कुल अलग तरह का रहा है। चेन्नई की टीम एक बार फिर उम्मीदों पर खरी उतरी तो वहीं बैंगलोर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। इसमें कोई शक नहीं कि शुक्रवार को कोलकाता के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली बैंगलोर की टीम का हौसला बढ़ा होगा।
आंद्रे रसेल और नितीश राणा की ताबड़तोड़ पारियों के बावजूद बैंगलोर जीत दर्ज करने में सफल रही। टीम की नौ मैचों में यह सिर्फ दूसरी जीत है लेकिन वह अब भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। बैंगलोर की टीम हालांकि 2016 के प्रदर्शन से प्रेरणा ले सकती है जब उसने शुरुआती सात में से पांच मैच गवांने के बाद अंतिम सात में से छह मैचों को जीतकर प्लेऑफ में जगह पक्की की थी।
गेंदबाजी अभी आरसीबी की कमजोर कड़ी
कोलकाता के खिलाफ दिग्गज एबी डीविलियर्स की गैरमौजूदगी में कप्तान विराट कोहली ने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए सत्र की अपनी पहली शतकीय पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। डीविलियर्स की संभावित वापसी से बैंगलोर की टीम घरेलू मैदान में सत्र के आखिरी मैच में प्रशंसकों को जीत का जश्न मनाने का मौका देना चाहेगी।
टीम में डेल स्टेन के आने के बाद भी गेंदबाजी चिंता का सबब बनी हुई है। इसका उदाहरण कोलकाता में भी दिखा जब रसेल और राणा की जोड़ी अंतिम छह ओवरों में जीत के लिए जरूरी लगभग 113 रन के असंभव लक्ष्य के करीब पहुंच गई थी। वहीं दूसरी तरफ 40 साल के इमरान ताहिर चेन्नई के स्टार गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने कप्तान की योजना को मैदान पर बखूब उतारा है और अब तक 13 विकेट चटकाए हैं।
230: रन बनाए हैं चेन्नई कप्तान धोनी ने जिसमें दो अर्द्धशतक हैं
378 : रन बनाकर शीर्ष तीन बल्लेबाजों में शामिल हैं आरसीबी कप्तान कोहली