{"_id":"61b9cebc6dc3290e405e2588","slug":"rohit-sharma-and-virat-kohli-captaincy-rift-whole-timeline","type":"story","status":"publish","title_hn":"Virat-Rohit Rift: विराट और रोहित के बीच कैसे शुरू हुई कप्तानी की जंग, सिलसिलेवार तरीके से जानें पूरा मामला","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
Virat-Rohit Rift: विराट और रोहित के बीच कैसे शुरू हुई कप्तानी की जंग, सिलसिलेवार तरीके से जानें पूरा मामला
Wed, 15 Dec 2021 04:47 PM IST
Rajeev Rai
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Rajeev Rai
Updated Wed, 15 Dec 2021 04:47 PM IST
सार
भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर कई सवालों के जवाब दिए और स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। वनडे की कप्तानी से हटाए जाने के बाद वह पहली बार मीडिया से रूबरू हुए और इस दौरान रोहित शर्मा से मतभेद की चर्चाओं के बीच अपनी चुप्पी तोड़ी।
विज्ञापन
विराट कोहली और रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर कई सवालों के जवाब दिए और स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। वनडे की कप्तानी से हटाए जाने के बाद वह पहली बार मीडिया से रूबरू हुए और इस दौरान रोहित शर्मा से मतभेद की चर्चाओं के बीच अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके और रोहित के बीच किसी भी तरह का मतभेद नहीं है और यह बात वह पिछले दो सालों से कह रहे हैं।
विज्ञापन
विराट ने हालांकि इस दौरान भारतीय क्रिकेट बोर्ड और उसके अध्यक्ष सौरव गांगुली के दावों को झूठा ठहरा दिया। विराट ने वनडे सीरीज के लिए खुद को उपलब्ध बताकर कई अटकलों पर विराम लगाया तो वहीं कई सवाल भी खड़े कर दिए, जिसका जवाब अब बीसीसीआई को ही देना होगा। फिलहाल आइए जानते हैं कि कब, कैसे और किन कारणों से विराट और रोहित शर्मा के बीच मतभेद की चर्चाएं शुरू हुई।
विज्ञापन
जुलाई 2019:
भारत को 2019 विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा। मैच के तुरंत बाद ही ड्रेसिंग रूम में विराट और रोहित के मतभेद की खबरें सामने आई। विराट के नेतृत्व में टीम इंडिया ने दूसरी आईसीसी टूर्नामेंट भी गंवा दी जिसके बाद उनकी कप्तानी पर सवाल उठने शुरू हुए। हालांकि बीसीसीआई और विराट ने इसे बकवास बताया।
विज्ञापन
जनवरी 2021:
भारतीय टीम ने अजिंक्य रहाणे की अगुवाई में कई स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में ऑस्ट्रेलिया में 2-1 से टेस्ट सीरीज जीती। फाइनल टेस्ट में सीनियर खिलाड़ियों के रूप में रहाणे, रोहित और पुजारा मौजूद थे। कोहली के नेतृत्व में भारतीय टीम पहले टेस्ट में 36 रन पर ऑलआउट हुई और बुरी तरह से मैच गंवा बैठी। इसके बाद दूसरे टेस्ट से पहले विराट अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए भारत लौट आए जबकि टीम ने जोरदार वापसी की और फिर सीरीज भी जीती। यहां से विराट की कप्तानी पर एक बार फिर से सवाल उठने शुरू हुए।
जून 2021:
भारतीय टीम को पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों आठ विकेट से करारी हार मिली। कोहली ने तीसरी बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने का मौका गंवा दिया। बारिश से प्रभावित मैच में न्यूजीलैंड की तैयारी भारत के तुलना में ज्यादा अच्छी नजर आई। हालांकि हार के बाद विराट ने कहा कि दो साल लंबे टेस्ट चैंपियनशिप का फैसला एक मैच से नहीं किया जा सकता।
सितंबर 2021:
टी-20 वर्ल्ड कप से पहले इस बात की अटकलें लगनी शुरू हुई कि रोहित शर्मा को विराट कोहली की जगह सीमित ओवरों का कप्तान बनाया जा सकता है। हालांकि अटकलों के बीच खुद विराट ने ट्वीट कर कहा कि वह टी-20 वर्ल्ड कप के बाद टी-20 की कप्तानी छोड़ देंगे लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि वह वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान बने रहेंगे। इसके दो दिन बाद ही मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा कि वह अपने कार्यकाल को आगे नहीं बढ़ाएंगे।
अक्तूबर 2021:
रवि शास्त्री का कार्यकाल खत्म होने के बाद भारतीय कोच के लिए राहुल द्रविड़ का नाम सामने आया।
नवंबर 2021:
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत को शुरू के दोनों मुकाबलों में पहले पाकिस्तान और फिर न्यूजीलैंड के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी। इसकी वजह से भारत का क्वॉर्टरफाइनल में पहुंचने की उम्मीद भी खत्म हो गई और साथ ही विराट के हाथ से चौथी बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने का मौका भी चला गया और उनकी टी-20 कप्तानी का अंत भी हो गया। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए रोहित शर्मा को टी-20 का कप्तान बनाया गया और विराट कोहली को सीरीज में आराम दिया गया। यही नहीं विराट कोहली दूसरे टेस्ट में लौटे लेकिन रोहित टेस्ट सीरीज में नहीं खेले।
दिसंबर 2021:
बीसीसीआई ने रोहित शर्मा को वनडे टीम का कप्तान घोषित किया और टेस्ट टीम की उपकप्तानी भी दी। बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि उन्होंने विराट से टी-20 की कप्तानी नहीं छोड़ने की अपील की थी क्योंकि चयनकर्ता सीमित ओवरों के क्रिकेट में दो कप्तान नहीं चाहते लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी और इसकी वजह से उन्हें वनडे टीम की कप्तानी से हटाया गया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए दोनों खिलाड़ियों के साथ खेलने की उम्मीद थी लेकिन रोहित शर्मा के चोटिल होकर टेस्ट सीरीज से बाहर होने की खबर बीसीसीआई ने दी। बात खत्म होती कि मंगलवार को कई मीडिया रिपोर्ट्स में चर्चा शुरू हुई कि विराट निजी कारणों से वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे।