बाउंड्री पर ऋषभ पंत के साथ घटी थी दुर्घटना, क्या खेल पाएंगे अगले तीन वन-डे?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच बुधवार को विशाखापट्टनम में पांच मैचों की सीरीज का दूसरा वन-डे बेहद ही रोमांचक रहा। मेहमान टीम जीत के करीब थी, लेकिन टीम इंडिया ने जोरदार वापसी की और मैच टाई करा लिया। हालांकि वेस्टइंडीज की पारी के दौरान युवा ऋषभ पंत चोटिल हो गए। वह बाउंड्री लाइन पर रखे बैनर से टकराए और फिर कुछ देर के लिए मैदान से बाहर चले गए।
यह घटना 36वें ओवर की है जब रोवमैन पॉवेल ने युजवेंद्र चहल की गेंद पर हवा में शॉट खेला। गेंद बहुत ऊंची गई। पंत गेंद के नीचे थे। उन्होंने कैच लेने का प्रयास किया, लेकिन तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और बाउंड्री लाइन पर रखे बैनर से टकरा गए। वह कुछ असहज लगे और फिर फिजियो उन्हें लेकर मैदान से बाहर चले गए।
वैसे मैच के दौरान ही ऋषभ पंत के चोट की एक अपडेट मिली थी। क्रिकबज के मुताबिक पंत की चोट गंभीर नहीं है। हालांकि, बाएं हाथ के बल्लेबाज की जांच की गई और पाया कि उनके दोनों हाथों की उंगलियों और बाएं कंधे लुंज पड़ गए हैं। यह देखना रोचक होगा कि क्या तीसरे वन-डे में टीम इंडिया पंत को खिलाने का जोखिम उठाएगी क्योंकि दो मैचों के बाद मेजबान टीम सीरीज में 1-0 की बढ़त पर है।
जहां तक ऋषभ पंत के वन-डे डेब्यू का सवाल है, यह अच्छा नहीं रहा है। पहले मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। दूसरे मैच में वह अपना आक्रामक अंदाज नहीं दिखा सके और 13 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हो गए।
टीम इंडिया को विश्व कप से पहले 15 वन-डे खेलना है। टीम को एक क्षमतावान बल्लेबाज की जरूरत है, जो अंतिम ओवरों में तेजी से बल्लेबाजी करके टीम का स्कोरबोर्ड मजबूत बनाए। पंत के पास इसे दोनों हाथों से लपकने का सुनहरा मौका है।
बता दें कि टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वन-डे रोमांचक टाई पर खत्म हुआ। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी की और कप्तान विराट कोहली (157*) की रिकॉर्ड पारी की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 321 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने शाई होप (123*) की पारी की बदौलत 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 321 रन बनाए और यह मुकाबला टाई रहा।