रणजी राउंड-अपः अलमास का शतक, सौराष्ट्र की जीत में चमके उनादकट, झटके छह विकेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलमास शौकत (103) का नाबाद शतक उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के बीच ड्रॉ रहे रणजी ट्रॉफी मैच के चौथे दिन का प्रमुख आकर्षण रहा। उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में आर्यन जुयाल (109 रन) के शतक से पहली पारी में 281 रन बनाए थे। मेजबान कर्नाटक ने देवदत्त पड्डीकल (74) और श्रेयस गोपाल (38) के अर्द्धशतक से पहली पारी में 321 रन बनाकर महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की जिसमें उत्तर प्रदेश के गेंदबाज सौरभ कुमार ने छह विकेट चटकाए। चौथे दिन उत्तर प्रदेश की टीम एक विकेट पर 29 रन से आगे खेलने उतरी। अलमास ने छह रन से और माधव कौशिक ने 19 रन से आगे खेलना शुरू किया था। माधव 45 रन बनाकर आउट हुए जबकि अक्शदीप नाथ ने 38 रन बनाए। ओपनर अलमास ने 210 गेंदों पर खेली अपनी पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया। कर्नाटक को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन और उत्तर प्रदेश को एक अंक मिला।
पंजाब ने हैदराबाद को पारी से हराया
पंजाब ने हैदराबाद की दूसरी पारी को 76 रन पर समेट कर पारी और 125 रन की बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत से पंजाब को सात अंक मिले। पंजाब के लिए मयंक मार्कंडेय ने 19 रन देकर पांच विकेट लिए। दूसरी पारी में हैदराबाद के सिर्फ दो बल्लेबाज हिमालय अग्रवाल (21) और पालाकोदेति श्रीराम (37) दहाई के आंकड़े में रन बना सके। हैदराबाद के पहली पारी में 242 रन के जवाब में पंजाब ने छह विकेट पर 443 रन बनाए।
जम्मू-कश्मीर की महाराष्ट्र पर जीत
अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे दिग्विजय देशमुख के 83 रन के बावजूद महाराष्ट्र को जम्मू कश्मीर के हाथों 54 रन से हार का सामना करना पड़ा। 21 वर्ष के देशमुख की 71 गेंद की पारी में सात चौके और पांच छक्के शामिल थे लेकिन वह आठवें नंबर पर उतरे और तब तक बहुत देर हो चुकी थी । जीत के लिए 364 रन के लक्ष्य कर पीछा करते हुए महाराष्ट्र ने तीसरे दिन के स्कोर पांच विकेट पर 192 रन से आगे खेलना शुरू किया। उसे 172 रन और चाहिए थे लेकिन पूरी टीम दूसरी पारी में 86.1 ओवर में 309 रन पर आउट हो गई। जम्मू कश्मीर के लिए दाहिने हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज मोहम्मद मुदासिर और उमर नजीर ने चार-चार विकेट लिए। नजीर ने मैच में 116 रन देकर नौ विकेट चटकाए।
छत्तीसगढ़ ने उत्तराखंड को हराया
छत्तीसगढ ने ग्रुप सी के मैच में उत्तराखंड को पारी और 65 रन से हराया। उत्तराखंड की टीम पहली पारी में 37. 5 ओवर में 120 रन पर आउट हो गई थी। छत्तीसगढ़ ने पहली पारी सात विकेट पर 520 रन पर घोषित की । जवाब में उत्तराखंड की टीम 335 रन पर आउट हो गई। तन्मय श्रीवास्तव ने 58 रन की पारी खेली। दिक्षांशु नेगी ने 69 और विकेटकीपर सौरभ रावत ने 61 रन बनाए। बाएं हाथ के गेंदबाज अजय मंडल ने 60 रन देकर पांच विकेट लिए। ओंकार वर्मा ने 40 रन देकर तीन विकेट लिए।
सौराष्ट्र की पारी से जीत, उनादकट को छह विकेट
सौराष्ट्र ने रेलवे को पारी और 90 रन से हराया। सौराष्ट्र ने रेलवे को पहली पारी में 248 रन पर आउट करने के बाद अर्पित वसावडा (138*) की पारी से नौ विकेट पर 479 रन पर पारी घोषित की। जयदेव उनादकट (6/23) की मदद से सौराष्ट ने रेलवे को दूसरी पारी में महज 141 रन पर समेट दिया। चेतन सकारिया और धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने दो दो विकेट चटकाए। रेलवे के केवल चार बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके।
आंध्र की दिल्ली पर पारी से जीत
केवी शशिकांत और चीपुरापल्ली स्टीफन के पांच-पांच विकेट के दम पर आंध्र प्रदेश ने ग्रप ए मैच में दिल्ली को नौ विकेट से हराकर छह अंक हासिल किए। दिल्ली ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 89 रन से की और कल के नाबाद बल्लेबाज ललित यादव और विकास मिश्रा ने सातवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की। यादव ने 55 रन बनाए लेकिन टीम की दूसरी पारी 169 रन पर सिमट गई। स्टीफन ने 91 रन देकर पांच जबकि शशिकांत ने 41 रन देकर पांच विकेट लिए। दिल्ली के पहली पारी में 215 रन के जवाब में आंध्र प्रदेश ने 368 रन बनाए थे। आंध्र प्रदेश को दूसरी पारी में जीत के लिए 17 रन का लक्ष्य मिला जिसे टीम ने 2.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 20 रन बनाकर हासिल कर लिया।