रणजी का रण: अनुज के शतक से संभली दिल्ली, तीसरे दिन दूसरी पारी में ली 186 रन की बढ़त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विकेटकीपर बल्लेबाज अनुज रावत (133) की शतकीय पारी से दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मुकाबले के तीसरे दिन गुजरात के खिलाफ दूसरी पारी में चार विकेट पर 228 रन बनाकर 186 रन की बढ़त हासिल कर ली है।
स्टंप के समय जोंटी सिद्धू (44) और हिम्मत सिंह तीन रन बनाकर क्रीज पर थे। भारतीय अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान अनुज ने ध्रुव शौरी (34) के साथ दूसरे विकेट के लिए 86 और जोंटी के साथ चौथे विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी की। रूजुल भट्ट ने रश कलारिया के हाथों कैच करवाकर उनकी पारी का अंत किया। उन्होंने अपनी पारी में 194 गेंदों का सामना कर 15 चौके और दो छक्के जड़े।
गुजरात ने सुबह चार विकेट पर 269 रन से आगे खेलते हुए 335 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर 42 रन की बढ़त हासिल की। मनप्रीत जुनेजा (124) और ध्रुव रावल (94 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 221 रन की भागीदारी की। दिल्ली के लिए सिमरजीत सिंह ने पांच और सिद्धांत व नीतिश राणा ने दो-दो विकेट चटकाए।
जेएंडके ने त्रिपुरा को 329 रन से रौंदा
कप्तान परवेज रसूल (12/73) के मैच में किए गए शानदार प्रदर्शन से जम्मू एंड कश्मीर ने तीसरे ही दिन त्रिपुरा को 329 रन से हरा दिया। इस जीत से जेएंडके की टीम ग्रुप सी की अंक तालिका में 39 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। वह नॉकआउट में जगह बनाने की दावेदार है।
जम्मू एंड कश्मीर ने दिन की शुरुआत एक विकेट पर 49 रन से की। टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 306 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित कर त्रिपुरा को 489 रन का लक्ष्य दिया। शुभम खजूरिया (76), अब्दुल समद (56) और रसूल (56) ने अर्द्धशतक जड़े।
लक्ष्य का पीछा करते हुए त्रिपुरा की टीम 36.2 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गई। त्रिपुरा ने 35 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे लेकिन कप्तान एमबी मूरासिंह ने 58 रन की पारी खेलकर जेएंडके की जीत का इंतजार बढ़ाया। पहली पारी में सात विकेट लेने वाले रसूल ने दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाए।