रणजी ट्रॉफी: जीत के बावजूद हरियाणा का सफर थमा, हार के बावजूद जम्मू-कश्मीर क्वार्टर फाइनल में
- हरियाणा से हारकर भी जम्मू-कश्मीर ने क्वार्टरफाइनल के लिए किया क्वालीफाई
- जीत के बावजूद हरियाणा बाहर
- जम्मू-कश्मीर को मिला अंकों का फायदा
विस्तार
रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी के मुकाबले में शनिवार को यहां हरियाणा से दो विकेट से हारने के बाद भी जम्मू-कश्मीर क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहा। इस हार के बाद भी परवेज रसूल की कप्तानी में टीम 39 अंक के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रही। जबकि मैच जीतने के बावजूद भी टूर्नामेंट में हरियाणा का सफर खत्म हो गया। हरियाणा 36 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही।
चौथी पारी में जीत के लिए 224 रन का पीछा करने उतरे हरियाणा ने दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 103 रन से की लेकिन स्कोर में सिर्फ चार रन ही जुटे थे कि अजीत चहल का विकेट गिर गया। इसके बाद रसूल ने हरियाणा के कप्तान हर्षल पटेल को बोल्ड किया। विकेटकीपर बल्लेबाज रोहित शर्मा (141 गेंद में नाबाद 75 रन) ने एक छोर संभाले रखा और उन्हें जयंत यादव (13) का अच्छा मिला और दोनों ने आठवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। इसके बाद शर्मा ने राहुल तेवतिया (नाबाद 27) के साथ 44 रन की अटूट साझेदारी कर हरियाणा को जीत दिला दी।
हार के साथ उत्तराखंड प्लेट ग्रुप में
मेजबान महाराष्ट्र ने उत्तराखंड को 67 रन से हरा दिया। इस हार के बाद उत्तराखंड की टीम ग्रुप तालिका में सबसे नीचे रहने के कारण प्लेट ग्रुप में रेलीगेट हो गई। उत्तराखंड को चौथी पारी में जीत के लिए 270 रन की जरूरत थी लेकिन चौथे दिन टीम ने दो विकेट पर 103 रन से आगे खेलते हुए 202 रन पर सभी विकेट गंवा दिए।