रणजी ट्रॉफी राउंड अप: गुजरात-यूपी की विशाल जीत, ये रहे आखिरी दिन के सभी मुकाबलों के नतीजे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रणजी ट्रॉफी 2018-19 सीजन में रविवार को सभी मुकाबले के नतीजे आ गए। बता दें कि पहले राउंड के बाद ग्रुप ए में गुजरात 6 अंकों के साथ, ग्रुप बी में आंध्रा और बंगाल 3-3 अंकों के साथ, ग्रुप सी में उत्तर प्रदेश 7 अंकों के साथ और प्लेट ग्रुप में नागालैंड, उत्तराखण्ड और सिक्किम 7 अंकों के साथ टॉप पर हैं।
आइए नजर डालते है सभी मुकाबले के नतीजों परः
एलीट ग्रुप ए:
मुंबई बनाम रेलवे
विकेटकीपर बल्लेबाज आदित्य तारे (100*) रेलवे के खिलाफ ड्रॉ समाप्त हुए चार दिवसीय रणजी ट्रॉफी इलीट ग्रुप मैच में अविजित शतक जड़ा। मुंबई ने पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। रेलवे को इस ड्रॉ मैच से मात्र एक अंक मिला। मुंबई की पहली पारी के 411 रन के विशाल स्कोर के जवाब में रेलवे ने पहली पारी में 307 रन बनाकर फॉलोऑन टालने के साथ उसकी जीत की सभी उम्मीदें समाप्त कर दी थीं। मुंबई ने पहली पारी में 104 रन की बढ़त हासिल की थी।
मुंबई ने रविवार सुबह अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 57 रन से आगे शुरू की और मैच में अंतिम दिन खेल समाप्त होने के समय पांच विकेट पर 321 रन बनाए। तारे ने 187 गेंदों की पारी में 11 चौके और दो छक्के जड़े। उन्होंने शिवम दुबे (अविजित 69) के साथ छठे विकेट के लिए 163 रन की अटूट भागीदारी की। तारे की सेंचुरी पूरी होते ही दोनों कप्तानी की सहमति से अंपायर ने अंतिम दिन का मैच समाप्त की घोषणा कर दी।
मुंबई के लिए पहली पारी में मात्र एक रन से सेंचुरी चूकने वाले सिद्धेश लाड (76) ने लेफ्ट आर्म स्पिनर हर्ष त्यागी की गेंद पर बोल्ड होने से पहले पांचवें विकेट के लिए तारे के साथ 54 रन जोड़े। मुंबई के अखिल हेरवेडकर (24 ) रविवार सुबह सबसे पहले आउट हुए। सूर्य कुमार यादव(19) हर्ष त्यागी की गेंद को उड़ाने के फेर में अरिंदम घोष के हाथों लपके गए। यादव ने आउट होने से पहले लाड के साथ चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। मुंबई के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे (6/70) को रेलवे की पहली पारी 307 रन पर समेट कर अपनी टीम में पहली पारी की अहम बढ़त दिलाने पर मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
गुजरात बनाम बड़ौदा
गुजरात ने रस कलारिया की शानदार गेंदबाजी के बाद सलामी बल्लेबाज प्रियांक पंचाल के शतक से रविवार को एलीट ग्रुप ए मैच के अंतिम दिन बड़ौदा को नौ विकेट से शिकस्त देकर छह अंक बटोरा। गुजरात ने (302 एवं 168/1) ने बड़ौदा (290 एवं 179) रन बनाए।
महाराष्ट्र बनाम विदर्भ
पुणे में खेले गए महाराष्ट्र और विदर्भ के बीच का मुकाबला ड्रॉ रहा। महाराष्ट्र के 343 के जवाब में विदर्भ ने पहली पारी में 120 और फॉलोऑन पारी में 501/8 का स्कोर बनाया।
सौराष्ट्र और छत्तीसगढ़
राजकोट में खेले गए सौराष्ट्र और छत्तीसगढ़ मैच ड्रॉ रहा। सौराष्ट्र ने पहली पारी में 475 रन बनाए, जवाब में छत्तीसगढ़ ने 355 रन बनाए। दूसरी पारी में सौराष्ट्र ने 179/5 का स्कोर बनाया।
एलीट ग्रुप बी:
केरल बनाम हैदराबाद
तिरूवंनतपुरम में खेले गए इस मुकाबले में केरल और हैदराबाद के बीच मैच ड्रॉ रहा। केरल के 495/6 के जवाब में हैदराबाद ने 228/5 का स्कोर बनाया।
तमिलनाडु बनाम मध्य प्रदेश
डिंडीगुल में खेले गए तमिलनाडु-मध्य प्रदेश मैच ड्रॉ रहा। मध्य प्रदेश के 393 के जवाब में तमिलनाडु का स्कोर बाबा इन्द्रजीत (103*) के शतक की बदौलत 236/4 रहा।
आंध्रा बनाम पंजाब
विशाखापट्टनम में आंध्रा-पंजाब मुकाबला भी ड्रॉ रहा। पंजाब के 414 के जवाब में आंध्रा ने रिकी भुई के 181 की बदौलत 423 रन बनाए। दूसरी पारी में पंजाब का स्कोर 102/2 रहा।
बंगाल बनाम माचल प्रदेश
नादौन में बंगाल-हिमाचल प्रदेश मुकाबला ड्रॉ रहा। बंगाल के 380 के जवाब में हिमाचल प्रदेश ने 324 रन बनाये। दूसरी पारी में बंगाल का स्कोर 203/3 रहा।
एलीट ग्रुप सी
उत्तर प्रेदश बनाम गोवा
कानपुर में उत्तर प्रदेश (564/4) ने गोवा (152 एवं 165) को एक पारी और 247 रनों से हराया।
झारखंड बनाम असम
दोनों टीमों के बीच खेला गया मैच बराबरी पर खत्म हुआ। पहले बल्लेबाजी के दौरान झारखंड ने 344 रन बनाए। जवाब में असम की टीम 298 रन पर ऑलआउट हुई। मैच के चौथे दिन झारखंड ने अपनी दूसरी पारी पहले सेशन में 230/4 पर घोषित की और असम को जीत के लिए 277 का लक्ष्य दिया। आखिरी सेशन तक असम ने 140/2 रन बनाए। जिसके बाद खराब रौशनी के कारण मैच ड्रॉ पर खत्म कर दिया गया।
राजस्थान बनाम जम्मू-कश्मीर
राजस्थान ने जे एंड के को 75 रन से हराया। मैच जीतने के लिए 361 रन और ड्रॉ के लिए पूरा दिन विकेट पर समय बिताने की दरकार थी। लंच तक जम्मू कश्मीर ने 142/2 रन बना लिए थे। चाय काल तक 236 रन पर छह विकेट खोने के बाद आखिरी सेशन में जम्मू कश्मीर ने अपने बाकी चार विकेट भी गंवा दिए। राजस्थान ने 75 रन से ये मैच जीत लिया। जम्मू कश्मीर के कप्तान परवेज रसूल 110(151) ने शतकीय पारी खेलकर मैच बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन राजस्थान के गेंदबाज राहुल चहर और नत्थू सिंह ने दूसरी पारी में 4-4 विकेट निकाल ऐसा नहीं होने दिया।
ओडिशा बनाम हरियाणा
कप्तान बिप्लव समांत्रे (103*) के नाबाद शतक की बदौलत ओडिशा की टीम हरियाणा के खिलाफ मैच ड्रॉ कराने में सफल रही। पहली पारी की बढ़त के आधार पर हरियाणा को तीन जबकि मेजबान टीम को एक अंक मिला। ओडिशा ने पहली पारी में 324 रन बनाए थे। जबकि हरियाणा की टीम तीसरे दिन हिमांशु राणा (164) और प्रमोद चंदेलिया (53) के बीच चौथे विकेट पर 122 रन की साझेदारी की मदद से 442 रन बनाने में सफल रही थी और उसे 118 रन की बढ़त मिली थी। चौथे दिन ओडिशा की टीम एक विकेट पर 50 रन से आगे खेलने उतरी थी। पांचवें विकेट पर बिप्लव और शुभ्रांशु सेनापति (45) के बीच पांचवें विकेट पर 92 रन की साझेदारी हुई। हरियाणा के लिए टीनू कुंडू, जयंत यादव ने दो-दो विकेट लिए जबकि हर्षल पटेल, मोहित शर्मा और चेतन बिश्नोई को एक-एक विकेट मिला।
त्रिपुरा बनाम सेना
ये मैच भी बराबरी पर ही खत्म हुआ। बिशाल घोष 201(369) के दौहरे शतक की मदद से त्रिपुरा ने पहली पारी में 360 रन बनाए थे। जवाब में सेना की टीम 238 पर ऑलआउट हुई। त्रिपुरा ने उदियन बोस 109(170) के शतक की मदद से चौथे दिन लंच से पहले 232/2 पर पारी घोषित की। चाय काल तक सेना ने 139 रन पर ही अपने छह विकेट गंवा दिए थे। खराब रौशनी के कारण जिस वक्त ये मैच ड्रा पर खत्म किया गया उस समय सेना का स्कोर 164/6 था। उन्हें जीत के लिए 191 रन और मैच बचाने के लिए बाकी समय पिच पर खड़े रहने की दरकार थी। मैच के दौरान मणिशंकर द्वारा पहले पारी में गेंदबाजी के दौरान सात विकेट निकालना मुख्य आकर्षण रहा।